अजमेर में मुख्य सचिव वी.श्रीनिवास ने राजस्व विभाग से जुड़े मामलों की समीक्षा करते हुए भ्रष्टाचार में लिप्त अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने गुरुवार को रेवेन्यू बोर्ड का दौरा कर विभिन्न राजस्व मामलों की जानकारी ली और अधिकारियों से लंबित प्रकरणों सहित विभागीय कामकाज की स्थिति जानी। इस दौरान उन्होंने अधिकारियों को पारदर्शिता के साथ काम करने और मामलों के त्वरित निस्तारण को लेकर भी निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व प्रकरणों की प्रगति, डबल बेंच एवं सिंगल बेंच में प्रकरणों के निस्तारण, कॉज लिस्ट और प्रकरणों की प्राथमिकता के संबंध में जानकारी ली। उन्होंने प्रकरणों की उचित निगरानी, समयबद्ध निस्तारण एवं न्यायिक अनुशासन के निर्देश दिए। मुख्य सचिव ने भ्रष्ट अधिकारियों के विरुद्ध कार्रवाई और अनुशासनात्मक कार्रवाई को तार्किक निष्कर्ष तक पहुंचाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया। राजस्व मंडल के नए भवन के लिए भूमि आवंटन पर भी चर्चा मुख्य सचिव वी.श्रीनिवास ने रिपोर्टेबल जजमेंट के संबंध में जानकारी लेते हुए निर्णय लेखन की गुणवत्ता एवं समयबद्धता पर चर्चा की और एसडीओ न्यायालयों में प्रभावी निर्णय लेखन के निर्देश दिए। इस अवसर पर राजस्व मंडल के नए भवन के लिए भूमि आवंटन और बजट घोषणा की समयबद्ध पालना पर भी चर्चा हुई। इस दौरान राजस्व मंडल अध्यक्ष अजिताभ शर्मा, प्रमुख शासन सचिव राजस्व विभाग टी. रविकांत, निबंधक महावीर प्रसाद, राजस्व मंडल के सदस्य व अन्य अधिकारी उपस्थित रहे। नए भवन के लिए भूमि आवंटन शीघ्र करने का आग्रह राजस्व बार एसोसिएशन के अध्यक्ष शंकरलाल जाट ने राजस्व मंडल की वर्तमान भवन व्यवस्था को देखते हुए 30 से 35 बीघा भूमि शीघ्र आवंटित कर नए भवन के निर्माण की कार्रवाई किए जाने का आग्रह किया। साथ ही राजस्व मंडल में रिक्त पदों को भरने और एडवोकेट कोटे के पद दो से बढ़ाकर 4 किए जाने की मांग भी रखी। इससे पहले मुख्य सचिव वी. श्रीनिवास ने राजस्व बार एसोसिएशन सभागार में आयोजित अभिनंदन कार्यक्रम में भी शामिल हुए।