राजस्थान की सिख संगत ने पाकिस्तान स्थित गुरुद्वारा ननकाना साहिब में गुरुनानक जयंती के अवसर पर आयोजित धार्मिक कार्यक्रम में शामिल होने के लिए यात्रा की अनुमति मांगी है। इस संबंध में गुरुवार को सिख समाज के प्रतिनिधियों ने जिला प्रशासन को गृह मंत्री के नाम एक ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में बताया गया कि गुरुनानक जयंती 24 नवंबर 2026 को मनाई जाएगी। हर वर्ष भारत के विभिन्न राज्यों से सिख श्रद्धालु गुरुनानक देव जी की जन्मस्थली ननकाना साहिब पहुंचते हैं और धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेते हैं। हनुमानगढ़ सहित राजस्थान के सिख श्रद्धालु भी पूर्व में इस यात्रा में शामिल होते रहे हैं। सिख संगत ने जानकारी दी कि इस वर्ष भी राजस्थान से श्रद्धालु ननकाना साहिब की यात्रा करना चाहते हैं। यात्रा की अनुमति के संबंध में अमृतसर और दिल्ली स्तर पर जानकारी ली गई और स्वीकृति के प्रयास किए गए। वहां से बताया गया कि पहले विभिन्न राज्यों के सिख श्रद्धालु एक साथ यात्रा करते थे, लेकिन अब प्रत्येक राज्य के श्रद्धालुओं को अपने-अपने राज्य के गृह मंत्रालय से आवश्यक स्वीकृति प्राप्त करनी होगी। ज्ञापन में इस बात पर जोर दिया गया कि ननकाना साहिब सिख समाज के लिए एक अत्यंत महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल है। गुरुनानक देव जी की जन्मस्थली होने के कारण गुरुनानक जयंती पर यहां देश-विदेश से बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। राजस्थान की सिख संगत भी इस ऐतिहासिक और धार्मिक अवसर पर ननकाना साहिब पहुंचकर मत्था टेकना चाहती है। सिख समाज के प्रतिनिधियों ने सरकार से मांग की है कि श्रद्धालुओं की धार्मिक भावनाओं को ध्यान में रखते हुए राजस्थान की सिख संगत को पाकिस्तान स्थित ननकाना साहिब की यात्रा के लिए आवश्यक अनुमति प्रदान की जाए। साथ ही, यात्रा से संबंधित प्रक्रियाएं और औपचारिकताएं समय पर पूरी करवाने के लिए संबंधित विभागों को निर्देशित करने की भी मांग की गई। सिख संगत ने उम्मीद जताई कि राज्य सरकार श्रद्धालुओं की धार्मिक आस्था का सम्मान करते हुए यात्रा की अनुमति दिलाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करेगी।