नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर बूंदी से है। यहां घर में पति-पत्नी के शव मिले। पत्नी फंदे से लटकी हुई थी, जबकि पति के दोनों हाथ की नसें कटी हुई थीं। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें
1. पत्नी और 3 बेटियों के हत्यारे को पकड़ा
जयपुर में पत्नी और तीन बेटियों की हत्या कर भागे राहुल झा (45) को सीकर के रींगस इलाके से पकड़ लिया। सूत्र के मुताबिक, आरोपी जयपुर से भागकर खाटूश्यामजी के दर्शन करने पहुंचा था। खर्चे के रुपए खत्म होने पर रींगस पहुंचा, जहां पुलिस ने उसे पकड़ लिया। पूरी खबर पढ़ें 2. छुट्टी पर आए सेना के जवान को आया हार्ट अटैक
बाड़मेर जिले बेरीवाला सागणा गांव में छुट्टी पर घर आए सेना के हवलदार की हार्ट अटैक से मौत हो गई। खाना खाने के बाद उनके सीने में दर्द होने लगा। परिजन हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वह जनवरी 2027 में रिटायर होने वाले थे। पूरी खबर पढ़ें 3. बाड़ेबंदी में प्रत्याशियों ने क्रिकेट खेला, महिलाओं ने व्रत रखा
प्रदेशभर में भाजपा-कांग्रेस ने अपने प्रत्याशियों की बाड़ेबंदी कर दी है। अलवर नगर निगम के कांग्रेस प्रत्याशी रिसोर्ट में बाड़ेबंदी में क्रिकेट खेलते नजर आए। बांसवाड़ा कांग्रेस की महिला प्रत्याशियों ने कुंभलगढ़ (राजसमंद) में बाड़ेबंदी में हरितालिका तीज पर व्रत रखा और पूजा की। पूरी खबर पढ़ें 4. पति-पत्नी ने किया सुसाइड, फंदे से लटकी मिली महिला
बूंदी शहर में पति-पत्नी ने सुसाइड कर लिया। घर के कमरे में पति-पत्नी के शव मिले। पत्नी फंदे से लटकी हुई थी, जबकि पति का शव फर्श पर पड़ा था। उसके दोनों हाथ की नसें कटी हुई थीं। कमरा अंदर से बंद था। पुलिस गेट तोड़कर अंदर घुसी और सबूत जुटाए। पूरी खबर पढ़ें 5. थाने में ठेकेदार से रिश्वत लेते SHO गिरफ्तार
जयपुर ACB की टीम ने सांभरलेक थानाधिकारी को थाने में 50 हजार रुपए की रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी ने सड़क निर्माण का काम नहीं रोकने की एवज में ठेकेदार से रिश्वत मांगी थी। रिश्वत राशि नहीं देने पर साइट पर लगी गाड़ियों और कर्मचारियों को परेशान कर रहा था। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें
6. तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार 3 दोस्तों को कुचला
अलवर में तेज रफ्तार कार ने बाइक सवार 3 दोस्तों को कुचल दिया। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक और कार नाले की 5 फीट ऊंची दीवार से टकराई, जिससे दीवार टूट गई। एक युवक उछलकर नाले में गिर गया। परिजनों ने आरोप लगाया कि रंजिश के चलते तीनों की हत्या की गई। पूरी खबर पढ़ें 7. इंस्टाग्राम चैट देखकर पत्नी पर चाकू से किया हमला
भरतपुर जिले के बयाना थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम पर चैट करने से नाराज पति ने पत्नी पर चाकू से हमला कर दिया। शोर सुनकर लोग मौके पर जमा हो गए तो पति भाग गया। 5 किलोमीटर दूर जाकर उसने ट्रेन के आगे कूदकर सुसाइड कर लिया। पूरी खबर पढ़ें 8. रामदेवरा में 642वां भादवा मेला
जैसलमेर के रामदेवरा में रविवार को 642वें भादवा मेले का शुभारंभ हुआ। सुबह 3 बजे ब्रह्ममुहूर्त में बाबा रामदेव की समाधि पर मंगला आरती हुई। सुबह 8 बजे स्वर्ण मुकुट धारण कराने के साथ मेले की शुरुआत की गई। 26 सितंबर तक चलने वाले मेले में करीब 50 लाख लोगों के आने की उम्मीद है। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है
9. मोतीडूंगरी गणेश मंदिर में मेहंदी लेने उमड़ी भीड़
जयपुर के मोती डूंगरी गणेश मंदिर में सिंजारा के मौके पर मेहंदी लेने के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। मंदिर में चढ़ाई जाने वाली मेहंदी को लेकर दावा किया गया कि इसे लगाने से कुंवारे लड़के-लड़कियों की शादी हो जाती है। इसके बाद अलग-अलग शहरों से लोग शनिवार रात से ही मंदिर पहुंचने लगे। पूरी खबर पढ़ें कल क्या होगा खास
10. राजस्थान के 309 निकायों का रिजल्ट कल
राजस्थान के 309 शहरी निकायों के 10 हजार 167 वार्ड के लिए दो फेज में हुए चुनावों का रिजल्ट कल आएगा। इसमें 38 हजार 889 उम्मीदवारों की हार-जीत का फैसला होगा। सोमवार सुबह 8 बजे से वोटों की गिनती शुरू होगी और दोपहर तक सभी के नतीजे आ जाएंगे। पूरी खबर पढ़ें