कोटा के बोरखेड़ा क्षेत्र के देवली अरब रोड स्थित श्रीराम बल उपासना व्यायामशाला में पहलवानों और खिलाड़ियों के लिए गुरुवार की रात कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि लोकसभा अध्यक्ष के ओएसडी और राजस्थान कुश्ती संघ के प्रदेश अध्यक्ष राजीव दत्ता रहे। करण मीणा के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में अखाड़े के पहलवानों ने अलग-अलग तरह के हैरतअंगेज करतब और खेलों का प्रदर्शन किया। कार्यक्रम देखने के लिए बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी पहुंचे। पहलवानों ने अखाड़े में अपनी शारीरिक क्षमता और कुश्ती के दांव-पेच दिखाकर दर्शकों का उत्साह बढ़ाया। इस दौरान पहलवानों खिलाड़ियों को व्यायामशाला की ओर से पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में स्टेयर्स स्कूल की ओर से शामिल हुए सभी पहलवानों को टी-शर्ट वितरित की गईं। श्री राम बल उपासना व्यायामशाला और करण मीणा की ओर से मुख्य अतिथि राजीव दत्ता का 21 किलो फूलों की माला और गदा भेंट कर स्वागत किया गया। मंच से संबोधित करते हुए राजीव दत्ता ने कहा कि इस अखाड़े में किसी भी प्रकार के संसाधनों की कमी नहीं रहने दी जाएगी। यहां के खिलाड़ियों की जरूरत के अनुसार हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा, ताकि खिलाड़ी बेहतर सुविधाओं के साथ अभ्यास कर सकें और आगे बढ़ें।