राजसमंद में रक्षाबंधन से पहले खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण विभाग की ओर से अभियान चलाया जा रहा है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण अचल चतुर्वेदी के निर्देशन और कलेक्टर अरुण कुमार हसीजा के निर्देश पर आज कांकरोली में खाद्य प्रतिष्ठानों का संयुक्त निरीक्षण किया गया। बीकानेर स्वीट्स से कलाकंद का सैंपल लिया 100 फीट रोड स्थित आदेश बीकानेर स्वीट्स पर खाद्य सुरक्षा अधिकारी प्रेमचंद शर्मा और केंद्रीय दल के खाद्य सुरक्षा अधिकारी अशोक कुमार सैनी के निर्देशन में निरीक्षण एवं सैंपल लेने की कार्रवाई की गई। टीम ने प्रतिष्ठान से कलाकंद का एक नमूना खाद्य सुरक्षा और मानक अधिनियम के तहत जांच के लिए लिया। वहीं जिले में अब तक 17 फूड सैंपल लिए जा चुके हैं। बालाजी स्वीट्स को नोटिस इसके बाद महासतियों की मादड़ी स्थित बालाजी स्वीट्स का भी निरीक्षण किया गया। यहां से मिल्क केक का एक नमूना लिया गया। साथ ही प्रतिष्ठान में साफ-सफाई व्यवस्था को लेकर नोटिस जारी कर आवश्यक सुधार के निर्देश दिए गए। खाद्य विभाग के अनुसार लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला, उदयपुर भेजा जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। कार्रवाई के दौरान सहायक महेंद्र सिंह और राजेश पालीवाल भी मौजूद रहे।