मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पंचायतीराज जनप्रतिनिधि संवाद कार्यक्रम के तहत शुक्रवार को जयपुर के तक्षशिला ऑडिटोरियम से राजसमंद जिले की ओलनाखेड़ा ग्राम पंचायत के प्रशासक दिनेश वैष्णव से वर्चुअल बात की। दिनेश वैष्णव ने राजसमंद में बीएल व्यास मेमोरियल सभागार से कार्यक्रम में जुड़े थे। मुख्यमंत्री ने संवाद के दौरान कहा- गांव के व्यक्ति की समस्या और हर उम्मीद का पहला केंद्र सरपंच होता है। पंचायत प्रतिनिधियों का लक्ष्य होना चाहिए कि सरकार की योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचे। मजबूत गांवों से ही मजबूत राजस्थान का निर्माण होगा। ग्राम पंचायतों में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनभागीदारी से विकास की गति बढ़ेगी। इस पर ओलनाखेड़ा ग्राम पंचायत के प्रशासक दिनेश वैष्णव ने अपने कार्यकाल में ग्राम पंचायत क्षेत्र में कराए विकास कार्यों की जानकारी दी। उन्होंने विकास कार्यों में सहयोग के लिए कुंभलगढ़ विधायक सुरेंद्र सिंह राठौड़ का आभार जताया। मुख्यमंत्री ने उनके कामों की तारीफ की। कार्यक्रम के बाद पंचायत प्रशासकों को मुख्यमंत्री की ओर से भेजे गए पत्र वितरित किए गए। राजसमंद में जिला स्तरीय कार्यक्रम मार्बल गैंगसा एसोसिएशन के बीएल व्यास मेमोरियल सभागार में हुआ। इसमें कुंभलगढ़ विधायक सुरेंद्र सिंह राठौड़, भीम विधायक हरिसिंह रावत, राजसमंद विधायक दीप्ति माहेश्वरी और नाथद्वारा विधायक विश्वराज सिंह मेवाड़ सहित पंचायत प्रशासक मौजूद रहे।