रेलमगरा | राउमावि जीतावास के शिक्षकों के खिलाफ चल रही विभागीय कार्रवाई के विरोध में अखिल भारतीय राष्ट्रीय शैक्षिक महासंघ उपशाखा रेलमगरा और शारीरिक शिक्षक संघ ने मंगलवार को रैली निकाली। शिक्षकों ने एसडीएम के नाम तहसीलदार को ज्ञापन सौंपकर कार्रवाई पर पुनर्विचार और दोनों शिक्षकों को बहाल करने की मांग की। रैली से पहले शिक्षक तहसील परिसर स्थित शिव मंदिर में एकत्र हुए। यहां से अहिल्याबाई चौक, फतेहनगर रोड होते हुए परशुराम सर्कल पहुंचे। शिक्षकों ने यहां मानव श्रृंखला बनाकर नारेबाजी की। इसके बाद रैली उपखंड कार्यालय पहुंची, जहां तहसीलदार को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में बताया कि राउमावि जीतावास में कार्यरत शिक्षक हरीश विजयवर्गीय और शिक्षिका रिंकू बाला आचार्य के खिलाफ कथित आरोपों के आधार पर विभागीय कार्रवाई की जा रही है। शिक्षक संगठनों ने आरोपों को प्रथमदृष्टया अनर्गल व तथ्यहीन बताते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की। संगठनों ने कहा कि भविष्य में किसी शिक्षक के खिलाफ शिकायत मिलने पर तथ्यात्मक जांच और निष्पक्ष सुनवाई के बाद ही कार्रवाई की जाए। स्कूलों में भयमुक्त व सम्मानजनक शैक्षणिक माहौल बनाए रखने की भी मांग की। शिक्षकों ने कहा कि निहित स्वार्थों से की गई तथ्यहीन शिकायतों से शिक्षक मानसिक रूप से परेशान होते हैं और शैक्षणिक वातावरण प्रभावित होता है।