रामदेवरा मेले में जाने वाले यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए उत्तर पश्चिम रेलवे ने 4 जोड़ी मेला स्पेशल ट्रेनों का संचालन करने का फैसला किया है। इनमें भगत की कोठी-रामदेवरा के बीच 3 जोड़ी और श्रीगंगानगर-पोकरण के बीच 1 जोड़ी स्पेशल ट्रेन शामिल है। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि पहली भगत की कोठी-रामदेवरा मेला स्पेशल ट्रेन 28 अगस्त 2026 से शुरू होगी। बाकी दो जोड़ी भगत की कोठी-रामदेवरा ट्रेनें 11 सितंबर से और श्रीगंगानगर-पोकरण मेला स्पेशल 12 सितंबर से चलेगी। 28 अगस्त से शुरू होगी पहली ट्रेन इस ट्रेन के ठहराव जोधपुर, राईकाबाग, महामंदिर, मंडोर, मारवाड़ मथानिया, तिवरी, ओसियां, मारवाड़ लोहावट और फलोदी स्टेशन पर होंगे। इसमें 12 जनरल कैटेगरी और 2 गार्ड कोच सहित कुल 14 कोच होंगे। शाम को चलेगी तीसरी ट्रेन ट्रेन नंबर 04865 भगत की कोठी-रामदेवरा मेला स्पेशल 11 सितंबर से 25 सितंबर तक 15 ट्रिप चलेगी। यह भगत की कोठी से शाम 4 बजे रवाना होकर रात 9:20 बजे रामदेवरा पहुंचेगी। ट्रेन नंबर 04866 रामदेवरा-भगत की कोठी मेला स्पेशल 11 सितंबर से 25 सितंबर तक 15 ट्रिप चलेगी। यह रामदेवरा से रात 10 बजे रवाना होकर अगले दिन रात 2 बजे भगत की कोठी पहुंचेगी। इस ट्रेन का ठहराव जोधपुर, राईकाबाग, महामंदिर, मंडोर, मारवाड़ मथानिया, तिवरी, ओसियां, मारवाड़ लोहावट और फलोदी स्टेशन पर होगा। इसमें 12 जनरल कैटेगरी और 2 गार्ड कोच सहित कुल 14 कोच होंगे। श्रीगंगानगर से पोकरण के लिए स्पेशल ट्रेन ट्रेन नंबर 04741 श्रीगंगानगर-पोकरण मेला स्पेशल 12 सितंबर से 26 सितंबर तक 15 ट्रिप चलेगी। यह श्रीगंगानगर से सुबह 10:15 बजे रवाना होकर शाम 7:50 बजे पोकरण पहुंचेगी। ट्रेन नंबर 04742 पोकरण-श्रीगंगानगर मेला स्पेशल 12 सितंबर 2026 से 26 सितंबर 2026 तक 15 ट्रिप चलेगी। यह पोकरण से रात 8:45 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 7:50 बजे श्रीगंगानगर पहुंचेगी। इस ट्रेन के ठहराव केसरीसिंहपुर, श्रीकरणपुर, गजसिंहपुर, रायसिंहनगर, जैतसर, सूरतगढ़, राजियासर, अरजनसर, महाजन, लूणकरनसर, धीरेरा, लालगढ़, कोलायत, फलोदी और रामदेवरा स्टेशन पर होंगे। इसमें 15 जनरल कैटेगरी और 2 गार्ड कोच सहित कुल 17 कोच होंगे।