पंचायतीराज चुनाव की आचार संहिता से ठीक पहले शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर के विधानसभा क्षेत्र रामगंजमंडी की 4 ग्राम पंचायत में 60 लाख के कामों की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की है। मंत्री मदन दिलावर ने इन ग्राम पंचायतों में पहले ही निर्माण कार्य की घोषणा की थी। जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी के के मीना ने ग्राम पंचायत कालिया खेड़ी, भंवरिया, डोलिया व बोरावास में घोषित किए गए 60 लाख रुपए के विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रशासनिक स्वीकृति जारी कर दी है। रामगंजमंडी की 4 पंचायतों में सामुदायिक भवन-चौपाल बनेंगे ग्राम पंचायत कालिया खेड़ी के ग्राम दोबडा की मेघवाल बस्ती में 10 लाख की लागत से पूर्व निर्मित सार्वजनिक सामुदायिक भवन का विस्तार व नवनिर्माण, इसी ग्राम पंचायत के ग्राम पदमपुरा में ठाकुर जी मंदिर परिसर के पास 10 लाख की लागत से सार्वजनिक स्थान पर चौपाल का निर्माण कार्य होगा। ग्राम पंचायत भंवरिया के ग्राम मोहनपुर में महादेव जी के मंदिर के पास सार्वजनिक सामुदायिक भवन का निर्माण किए जाने के लिए 10 लाख रूपए, ग्राम पंचायत डोलिया के चांद बावड़ी गांव में सार्वजनिक सामुदायिक भवन निर्माण कार्य के लिए 10 लाख रुपए स्वीकृत किए हैं। ग्राम पंचायत बोराबास के भेरूपुरा गांव में सार्वजनिक सामुदायिक भवन का निर्माण कार्य करने के लिए 10 लाख और इसी ग्राम पंचायत बोराबास के गांव बलिंडा में देवनारायण मंदिर के पीछे अपूर्ण खरंजे से स्कूल की ओर खंरजा निर्माण के लिए 10 लाख रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की गईं है। यह काम राज्य वित्त आयोग सिस्टम योजना के तहत कराया जाएगा। सभी काम 12 महीने में पूरे किए जाएंगे निर्माण कार्य करने के लिए संबंधित ग्राम पंचायत को कार्यकारी संस्था बनाया गया है।