चित्तौड़गढ़ में पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक रामाश्रय पाण्डेय ने रविवार को रतलाम मंडल के दौरे के दौरान रेलवे की व्यवस्थाओं का जमीनी स्तर पर जायजा लिया। उन्होंने रतलाम से चंदेरिया तक विंडो ट्रेलिंग निरीक्षण करते हुए रेलवे ट्रैक, पुलों और अन्य रेल परिसंपत्तियों को देखा। इसके बाद मंदसौर, नीमच और चित्तौड़गढ़ रेलवे स्टेशन का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने रनिंग रूम पहुंचकर रेल कर्मचारियों के लिए बनाई गई व्यवस्थाएं देखी। वहीं लोको पायलट और रनिंग स्टाफ के लिए तैयार भोजन खुद खाकर उसकी गुणवत्ता भी परखी। कर्मचारियों से सीधे बातचीत कर उन्होंने उनके कामकाज और रोजमर्रा की परेशानी की जानकारी भी ली। मंदसौर और नीमच स्टेशन पर देखीं यात्री सुविधाएं रतलाम से चंदेरिया के बीच सफर के दौरान महाप्रबंधक ने रेलवे ट्रैक और पुलों की स्थिति का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने मंदसौर और नीमच रेलवे स्टेशन का औचक दौरा किया। दोनों स्टेशनों पर प्लेटफॉर्म, स्टेशन परिसर, वेटिंग रूम, पे एंड यूज टॉयलेट, स्टेशन प्रबंधक कार्यालय और निर्माणाधीन फुटओवर ब्रिज का जायजा लिया। उन्होंने निर्माण कामों की प्रगति देखी और स्टेशन पर यात्रियों को मिल रही सुविधाओं की भी जानकारी ली। स्टेशन परिसर की साफ-सफाई और रखरखाव पर भी उन्होंने ध्यान दिया। चित्तौड़गढ़ में रनिंग रूम पहुंचे चित्तौड़गढ़ रेलवे स्टेशन पर महाप्रबंधक ने सबसे पहले स्टेशन परिसर और वेटिंग रूम का निरीक्षण किया। इसके बाद वे एकीकृत क्रू लॉबी और रनिंग रूम पहुंचे। यहां उन्होंने कर्मचारियों के रहने और आराम करने की व्यवस्था देखी। रनिंग रूम में उपलब्ध भोजन खुद खाया और भोजन की गुणवत्ता को परखा। इसके बाद लोको पायलट और अन्य रनिंग स्टाफ से बातचीत कर उनकी समस्याएं, काम के दौरान आने वाली चुनौतियां और उपलब्ध सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। कर्मचारियों ने भी खुलकर अपनी बात रखी। महाप्रबंधक ने पूरे परिसर का निरीक्षण करते हुए साफ-सफाई और रखरखाव की स्थिति भी देखी। यात्रियों और कर्मचारियों दोनों पर रहा फोकस पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया- महाप्रबंधक ने अपने दौरे में रेलवे ट्रैक, स्टेशन, यात्री सुविधाओं और निर्माणाधीन कार्यों के साथ-साथ रेल कर्मचारियों की व्यवस्थाओं को भी करीब से देखा। चित्तौड़गढ़ में रनिंग रूम और क्रू लॉबी का निरीक्षण इसी का हिस्सा था। निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक अश्वनी कुमार सहित रतलाम मंडल के सभी शाखाधिकारी मौजूद रहे। दौरे की खास बात यह रही कि महाप्रबंधक ने सिर्फ व्यवस्थाएं देखने तक खुद को सीमित नहीं रखा, बल्कि कर्मचारियों के बीच जाकर उनका हाल जाना और उनके साथ वही भोजन किया जो रोज रनिंग स्टाफ को परोसा जाता है। इससे कर्मचारियों के बीच भी सकारात्मक माहौल देखने को मिला।