चित्तौड़गढ़ जिले में मंगलवार सुबह मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आया। आसमान में काले बादल छाए हुए हैं और लोगों को एक बार फिर बारिश की उम्मीद बंधी। पिछले कई दिनों से जिले में अच्छी बारिश नहीं होने के कारण गर्मी और उमस लगातार बढ़ रही है। मौसम विभाग ने भी मंगलवार को जिले में बारिश की संभावना जताई है। अगर बारिश होती है तो इससे लोगों को उमस से राहत मिलने के साथ-साथ खेतों में खड़ी फसलों को भी फायदा मिलेगा। सिर्फ रावतभाटा में बरसा पानी सोमवार को जिले में सिर्फ रावतभाटा क्षेत्र में 18 एमएम बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा चित्तौड़गढ़ शहर सहित किसी भी दूसरी तहसीलों में बारिश नहीं हुई। दिनभर तेज धूप थी और ज्यादातर इलाकों में बारिश नहीं होने से गर्मी और उमस बनी रही। तापमान बढ़ा, उमस ने बढ़ाई परेशानी बारिश नहीं होने का असर अब तापमान पर भी साफ दिखाई देने लगा है। सोमवार को चित्तौड़गढ़ शहर का अधिकतम तापमान 34.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 26.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। तापमान बहुत ज्यादा नहीं होने के बावजूद हवा में नमी ज्यादा होने से उमस लगातार महसूस हो रही है। दिन के समय धूप निकलते ही गर्मी बढ़ जाती है और शाम तक लोगों को राहत नहीं मिलती। अगले दो दिन बारिश की संभावना मौसम विभाग के अनुसार 26 अगस्त तक उदयपुर संभाग के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। चित्तौड़गढ़ जिला में भी दो दिन बारिश होने की उम्मीद जताई जा रही हैं। मंगलवार सुबह जिस तरह से बादल छाए रहे, उससे लोगों की उम्मीद और बढ़ गई है। अगर अगले एक-दो दिन में अच्छी बारिश होती है तो मौसम सुहाना हो सकता है और लंबे समय से बनी उमस से राहत मिलने की संभावना है।