शहर में सड़क मरम्मत के लिए डाली गई कंकरीट लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई है। कंकरीट डालने के बाद सड़क को उसी हालत में छोड़ दिए जाने से दुपहिया वाहन चालक फिसलकर गिर रहे हैं और चोटिल हो रहे हैं। वहीं, वाहनों के टायरों से कंकरीट उछलकर अन्य वाहनों से टकराने के कारण उनके शीशे टूटने की शिकायतें भी सामने आई हैं। विरोध प्रदर्शन किया इस समस्या से नाराज शहरवासियों और टैक्सी चालक यूनियन ने सोमवार की देर शाम करीब 6.30 बजे सड़क पर करीब आधे घंटे तक प्रदर्शन कर विरोध जताया। पुलिस ने लोगों से समझाइश कर मामला शांत करवाया। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि मंगलवार तक सड़क की समस्या का समाधान कर मरम्मत का कार्य पूरा नहीं किया गया तो सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा। बोले- चोटिल हो रहे लोग शहरवासियों ने बताया कि संबंधित विभाग की ओर से सड़क की मरम्मत के लिए कंकरीट डाली गई थी, लेकिन इसके बाद सड़क को व्यवस्थित नहीं किया गया। लगातार वाहनों की आवाजाही के कारण कंकरीट सड़क पर फैल गई है। इससे दुपहिया वाहन चालकों के गिरने का खतरा बना हुआ है। साथ ही बड़े वाहनों के टायरों से कंकरीट उछलकर राहगीरों और अन्य वाहनों को लग रही है, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त होने के साथ लोग भी चोटिल हो रहे हैं। शहरवासी लालाराम सोलंकी ने आरोप लगाया कि संबंधित वार्ड भाजपा के प्रवक्ता का होने के बावजूद यहां विकास और सड़क मरम्मत का काम नहीं हो रहा है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल सड़क की मरम्मत करवाकर लोगों को राहत देने की मांग की।