पाली जिले के रोहट थाना पुलिस ने चोरी की वारदातों का खुलासा किया है। पुलिस ने शोरूम-सरकारी स्कूल और श्मशान से पानी की मोटरें चुराने वाली गैंग के 3 सदस्यों को गिरफ्तार किया है। जबकि दो नाबालिगों को डिटेन किया है। चोरी की 5 मोटरें और पंप बरामद किए हैं। रोहट थाने की SHO पाना चौधरी ने बताया- रोहट के ऋषभनगर इलाके में रहने वाले भगाराम पटेल ने 22 सितंबर 2026 को रिपोर्ट दर्ज करवाई थी। रिपोर्ट में भगाराम ने बताया- 15 सितंबर को मैं अपने शोरूम पर ताला लगाकर घर चला गया था। अगले दिन 16 सितंबर को सुबह 9 बजे शोरूम पहुंचा तो वहां पानी की मोटर और पंप खोलकर बिखरे हुए मिले। मोटर और इंजन गायब थे। भगाराम की रिपोर्ट पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। इसके बाद टीम बनाकर जांच की गई। तीन आरोपी गिरफ्तार, दो किशोर भी पकड़े पुलिस ने जांच के दौरान अशोक पुत्र ताराराम (27) निवासी फेकारिया, थाना जैतपुर, पाली, जितेन्द्र पुत्र भंवरलाल (29) निवासी जैन मोहल्ला रोहट और साहिल शाह पुत्र रमजान शाह (21) निवासी सोनाईलाखा, थाना रोहट को गिरफ्तार किया। मामले में दो नाबालिगों को डिटेन किया। पुलिस ने शोरूम से चोरी की गई पानी की मोटर और पंप के अलावा महात्मा गांधी राजकीय विद्यालय, खांडी रोड रोहट और राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय रोहट से चोरी की गई पानी की मोटरें भी बरामद की। इसके साथ ही हिंदू सेवा समिति मोक्षधाम से चोरी की गई दो पानी की मोटरें भी बरामद की गईं। चोरी की वारदातों का खुलासा करने वाली पुलिस टीम में रोहट थाने के सहायक उपनिरीक्षक कमलसिंह, कांस्टेबल राकेश कुमार, जेठाराम, मनसुख और प्रदीपसिंह शामिल रहे।