भास्कर न्यूज | झालावाड़ जिला स्तरीय रोजगार उत्सव के तहत शुक्रवार को मिनी सचिवालय स्थित ऑडिटोरियम में कार्यक्रम हुआ। इसमें राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण किया गया। नव नियुक्त कार्मिकों और अधिकारियों ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा का संबोधन सुना। कार्यक्रम में जिले में विभिन्न विभागों में नियुक्त 40 नए कार्मिकों को कलेक्टर अजय सिंह राठौड़ ने वेलकम किट और बधाई संदेश प्रदान किए। इनमें आयुर्वेद विभाग के 5, शिक्षा के 1, यूनानी के 3, पशुपालन के 11, राजस्थान पुलिस के 3, जेवीवीएनएल के 1, चिकित्सा के 3, माध्यमिक शिक्षा के 1, स्किल डेवलपमेंट के 2, वाणिज्य कर के 2, राजस्व के 2 और कार्मिक विभाग के 6 नव नियुक्त कार्मिक शामिल रहे। राज्य स्तर पर सेवाओं की योजनाओं का शुभारंभ जयपुर के भवानी निकेतन महाविद्यालय में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में मुख्यमंत्री की मौजूदगी में विभिन्न सेवाओं और कार्यक्रमों का शुभारंभ किया गया। इनमें ‘सेवा संकल्प अभियान-जन सेवा ही प्रभु सेवा’, ‘सपनों की उड़ान-सशक्त युवा संवाद’, ‘नई किरण’ नशा मुक्ति पोर्टल, ‘प्रतिभा’, ‘खेल मित्र’ और ‘खेलो राजस्थान’ गेम्स पोर्टल तथा ‘स्मार्ट मूल निवास’ प्रमाण-पत्र सेवा शामिल हैं। जिला कार्यक्रम में नव नियुक्त कार्मिकों का स्वागत करते हुए उन्हें नई जिम्मेदारियों का निष्ठा और समर्पण के साथ निर्वहन करने के लिए प्रेरित किया गया।