भारतीय बैडमिंटन स्टार साइना नेहवाल इन दिनों रणथंभौर के दौरे पर हैं। वह यहां अपने परिजनों के साथ JW मैरियट रणथंभौर रिसॉर्ट में ठहरी हुई हैं। इस दौरान उन्होंने रणथंभौर टाइगर रिजर्व में टाइगर सफारी का आनंद लिया। सफारी के बाद साइना रिसॉर्ट में मस्ती करती नजर आईं। उन्होंने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर कुछ वीडियो और रील शेयर किए हैं। जिनमें उनका अलग अंदाज देखने को मिल रहा है। सोशल मीडिया पर शेयर किए वीडियो साइना नेहवाल ने एक वीडियो शेयर करते हुए लिखा, 'वाचिंग सिस्टर डांस'। इस वीडियो में उनकी बहन चंदाशु नेहवाल राजस्थानी गाने 'थारी शरारत में देखूं' पर डांस करती नजर आ रही हैं। वीडियो में बहनों का मस्ती भरा अंदाज दिखाई दे रहा है। वहीं, एक अन्य रील में दोनों बहनें बॉलीवुड के मशहूर गाने 'चुनरी चुनरी' पर डांस करती नजर आ रही हैं। साइना ने की तीरंदाजी रणथंभौर घूमने के दौरान साइना नेहवाल ने सिर्फ टाइगर सफारी ही नहीं, बल्कि रिसॉर्ट में मौजूद अन्य एक्टिविटी का भी आनंद लिया। उनके एक अन्य वीडियो में वह तीरंदाजी करती दिखाई दे रही हैं। सोशल मीडिया पर शेयर किए गए इन वीडियो में साइना अपने परिवार के साथ छुट्टियों का लुत्फ उठाती नजर आ रही हैं। रणथंभौर से पुराना लगाव उल्लेखनीय है कि साइना नेहवाल का रणथंभौर से खास लगाव रहा है। वह यहां वन्यजीवों को करीब से देखने और छुट्टियां बिताने के लिए यहां आती हैं। बताया जाता है कि वह साल में तीन से चार बार रणथंभौर का दौरा करती हैं। इसी सिलसिले में तीन महीने के मानसून ब्रेक के बाद शुरू हुए नए पर्यटन सीजन के दौरान उनका रणथंभौर पहुंचना हुआ है। यहां वह टाइगर सफारी के साथ-साथ रिसॉर्ट में परिवार के साथ समय बिताती नजर आ रही हैं।