सलूंबर पंचायती राज संस्थाओं को ग्रामीण विकास की मजबूत कड़ी बताते हुए शुक्रवार को सलूंबर जिला कलेक्ट्रेट परिसर में पंचायती राज जनप्रतिनिधि सम्मेलन एवं संवाद कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के वर्चुअल भाषण हुआ। जिला स्तरीय कार्यक्रम में सलूंबर विधायक शांता अमृतलाल मीणा एवं जिला कलक्टर मुहम्मद जुनैद पी.पी. की मौजूदगी में जिलेभर के पंचायती राज जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की। मुख्यमंत्री बोले—गांव की समस्या छोटी नहीं, हर फरियाद को गंभीरता से सुनें मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने प्रदेश के विभिन्न जिलों के सरपंचों एवं पंचायत प्रशासकों से सीधे संवाद किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक जनप्रतिनिधि की कार्यशैली अलग हो सकती है, लेकिन ग्रामीण विकास के लिए पारदर्शिता, निष्पक्षता और संवेदनशीलता के साथ काम करना जरूरी है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री आवास योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के लाभार्थियों की जानकारी लेते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में किए जा रहे विकास कार्यों की सराहना की। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से निडर होकर निष्पक्षता के साथ काम करने तथा ग्राम पंचायत स्तर पर ऐसे कार्यों को प्राथमिकता देने का आह्वान किया, जिनसे गांव के विकास को नई गति मिल सके। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायत ग्रामीण विकास की सबसे मजबूत इकाई है और पंचायती राज संस्थाएं देश के विकास की जड़ हैं। गांव का प्रत्येक व्यक्ति अपनी समस्या लेकर सबसे पहले स्थानीय जनप्रतिनिधि के पास पहुंचता है। ऐसे में किसी भी समस्या को छोटा नहीं समझना चाहिए। अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे योजनाओं का लाभ मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों से ग्रामीणों की समस्याओं और अपेक्षाओं को करीब से समझने तथा पात्र लोगों तक सरकार की योजनाओं का लाभ पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधि आमजन और सरकार के बीच महत्वपूर्ण कड़ी हैं, इसलिए उनकी भूमिका विकास कार्यों में बेहद अहम है। उन्होंने संपर्क पोर्टल एवं 181 हेल्पलाइन के माध्यम से परिवेदनाओं के निस्तारण की व्यवस्था का उल्लेख करते हुए भ्रष्टाचार पर अंकुश लगाने को सामूहिक जिम्मेदारी बताया। मुख्यमंत्री ने जल उपलब्धता एवं जल संरक्षण के प्रयासों तथा लखपति दीदी योजना के माध्यम से महिलाओं के आर्थिक सशक्तीकरण की दिशा में किए जा रहे कार्यों की भी जानकारी दी। विधायक बोलीं—जनता की उम्मीदों पर खरा उतरें जनप्रतिनिधि कार्यक्रम में सलूंबर विधायक शांता अमृतलाल मीणा ने जनप्रतिनिधियों से जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्ति तक पहुंचाने के साथ विकास कार्यों में जनप्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी जरूरी है। कलेक्टर ने जल संरक्षण और स्वच्छता पर दिया जोर जिला कलेक्टर मुहम्मद जुनैद पी.पी. ने जिले में जल संरक्षण एवं जल संवर्धन के कार्यों को प्राथमिकता देने की बात कही। उन्होंने गांवों में स्वच्छता अभियान को मिशन मोड पर संचालित करने और इसमें आमजन की भागीदारी बढ़ाने पर जोर दिया। कलेक्टर ने स्वामित्व योजना सहित विभिन्न सरकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए पंचायती राज जनप्रतिनिधियों से सक्रिय सहयोग की अपेक्षा जताई। अंत में नशामुक्ति की शपथ, लिया सामूहिक फोटो कार्यक्रम के समापन पर उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई गई। इसके बाद सभी जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने सामूहिक छायाचित्र लिया।