गणेश चतुर्थी के मौके पर गुरुवार को सलूम्बर शहर में आस्था और उत्साह का माहौल दिखा। शहर के अलग-अलग इलाकों में गणपति प्रतिमाओं की स्थापना को लेकर श्रद्धालुओं में काफी उत्साह था। ढोल-नगाड़ों और धार्मिक जयकारों के बीच विधि-विधान से भगवान गणेश की पूजा कर प्रतिमाएं स्थापित की गईं। गांधी चौक स्थित प्राचीन श्री गणेश मंदिर में श्रद्धालुओं ने खास पूजा की। चुंगी नाका क्षेत्र में तेली समाज के पास 'सलूम्बरचा राजा' के नाम से गणपति प्रतिमा स्थापित की गई। पटेलवाड़ा में सिद्धिविनायक ग्रुप ने भी गणेश स्थापना कार्यक्रम किया। शहर के विलो का दरवाजा, विनायक चौक, हर मंदिर के पास और आजाद मोहल्ला स्थित होली चौक में भी गणेश प्रतिमाएं धूमधाम से स्थापित की गईं। स्थापना से पहले श्रद्धालुओं ने गणपति भगवान की विधि-विधान से पूजा की और आरती के साथ कार्यक्रम शुरू किया। गणेश प्रतिमा स्थापना के दौरान पूरा माहौल भक्तिमय हो गया। श्रद्धालु 'गणपति बप्पा मोरिया' के जयकारे लगाते दिखे। महिला, पुरुष और बच्चों ने कार्यक्रम में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कई जगहों पर गणपति दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। श्रद्धालुओं ने भगवान गणेश की पूजा कर परिवार और इलाके में सुख-समृद्धि, शांति, खुशहाली और विघ्न दूर करने की कामना की। गणेश स्थापना के साथ ही शहर में आने वाले दिनों में होने वाले धार्मिक आयोजनों को लेकर भी उत्साह बढ़ गया है। गणेश चतुर्थी पर सलूम्बर का माहौल पूरी तरह गणेशमय दिखा। शहर के अलग-अलग मोहल्लों में सजे गणेश पंडालों और आकर्षक प्रतिमाओं ने श्रद्धालुओं को अपनी ओर खींचा। देर शाम तक गणपति दर्शन के लिए श्रद्धालु पहुंचते रहे।