सलूंबर में आगामी पंचायतराज चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने संगठनात्मक तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी कड़ी में सोमवार को कृष्ण कुंज होटल, लसाड़िया में भाजपा मंडल की बैठक आयोजित हुई। इसमें पंचायत समिति और जिला परिषद चुनाव की रणनीति पर चर्चा की गई। साथ ही वार्डवार तैयारियों, संभावित प्रत्याशियों, कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारियों और बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने के मुद्दों पर मंथन हुआ। बैठक में मुख्य अतिथि के रूप में प्रभारी केवाराम पटेल उपस्थित रहे, जबकि अध्यक्षता धरियावद विधायक प्रत्याशी एवं पूर्व प्रधान कन्हैयालाल मीणा ने की। इस दौरान पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने आगामी चुनाव की तैयारियों को लेकर अपने विचार रखे और सामूहिक प्रयासों से संगठन को मजबूत बनाने पर जोर दिया। 18 वार्डों की चुनावी तैयारियों पर चर्चा बैठक में पंचायत समिति के 15 वार्डों और जिला परिषद के 3 वार्डों में चुनावी तैयारियों को लेकर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया। संभावित प्रत्याशियों, संगठनात्मक समन्वय और वार्ड स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता जैसे मुद्दे चर्चा के केंद्र में रहे। साथ ही चुनाव के दौरान बेहतर तालमेल बनाए रखने और जनसंपर्क को प्रभावी बनाने पर जोर दिया गया। बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने का आह्वान मुख्य अतिथि केवाराम पटेल ने कार्यकर्ताओं से संगठनात्मक अनुशासन बनाए रखते हुए आपसी समन्वय के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया। उन्होंने संगठन की मजबूती के लिए जमीनी स्तर पर सक्रियता और सामूहिक प्रयासों को महत्वपूर्ण बताया। बैठक की अध्यक्षता कर रहे कन्हैयालाल मीणा ने पार्टी की नीतियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने पर जोर दिया। उन्होंने कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को सशक्त बनाने और जनता के बीच सक्रिय रहकर पार्टी के कार्यों को आगे बढ़ाने की अपील की। इच्छुक दावेदारों को भी किया आमंत्रित बैठक में पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्य पदों के लिए आवेदन करने के इच्छुक कार्यकर्ताओं को भी आमंत्रित किया गया। इस दौरान वरिष्ठ पदाधिकारियों, वार्ड प्रभारियों एवं सह-प्रभारियों, वार्ड संयोजकों एवं सह-संयोजकों, जिला और मंडल कार्यकारिणी के सदस्यों तथा वर्तमान एवं पूर्व जनप्रतिनिधियों की भूमिका पर चर्चा की गई।