सलूंबर जिले के लसाड़िया कस्बे में शुक्रवार को तीन मंजिला बिल्डिंग भरभराकर गिर गई। बिल्डिंग गिरने से पास की दो दुकानों की छत भी गिर गई। बिल्डिंग में सबसे नीचे दुकान और ऊपर दो फ्लोर रहने के लिए बने हुए थे। हादसे से एक घंटे पहले ही मकान मालिक नरेन्द्र सिंह राव और दो अन्य परिवार के लोग बाहर निकल आए, जिससे कोई जनहानि नहीं हुई। घटना सुबह करीब 9:30 बजे की है। दो साल पहले खरीदी थी दुकान उदयपुर के पुराबड़ के कोटी पंचायत के रहने वाले बिल्डिंग मालिक नरेंद्र सिंह राव ने बताया-दो साल पहले उन्होंने ये दुकान खरीदी थी। करीब एक साल पहले इस दुकान पर दो मंजिला मकान बनाया था। दुकान के सामने एक दिन पहले ही लोहे की चद्दर लगाई थी। हादसे से करीब एक घंटे पहले मैं परिवार के साथ बाजार के लिए निकला था। दुकान के बीम कमजोर होने के कारण ये हादसा हुआ है। पुलिस ने लोगों को घटनास्थल से दूर किया मकान गिरने की सूचना पर लसाड़िया थाना अधिकारी जय किशन पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले की जानकारी ली और लोगों को घटनास्थल से दूर किया। हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने प्रशासन से पुराने या जर्जर भवनों की जांच कराने की जरूरत बताई। देखें घटना से जुड़े PHOTOS…