सलूंबर नगर परिषद नगरीय निकाय चुनाव-2026 को लेकर मतदाताओं को जागरूक करने के लिए मंगलवार को स्वीप गतिविधियों के तहत बाइक रैली और पोस्टर निर्माण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसका उद्देश्य शत-प्रतिशत मतदान सुनिश्चित करना था। विभिन्न संगठनों ने लिया हिस्सा जिला निर्वाचन अधिकारी मोहम्मद जुनैद के निर्देशन में आयोजित इस जागरूकता अभियान में अधिकारियों, कर्मचारियों, शिक्षकों, निर्वाचन कार्मिकों और विभिन्न संस्थानों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। उन्होंने लोगों से लोकतंत्र के महापर्व में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की। लोकतांत्रिक कर्तव्यों को लेकर जागरूकता का संदेश दिया मतदाता जागरूकता बाइक रैली का शुभारंभ पीएमश्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय, सलूंबर से हुआ। जिला स्वीप अधिकारी रामावतार यादव ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। रैली में शामिल प्रतिभागियों ने मतदान के महत्व और नागरिकों के लोकतांत्रिक कर्तव्य को लेकर जागरूकता संदेश दिए। इस दौरान 'मैं भारत हूं' गीत ने भी माहौल को देशभक्ति और लोकतांत्रिक उत्साह से भर दिया। यह रैली चुंगी नाका, मुख्य बस स्टैंड, गांधी चौक, खटिकवाड़ा, होली चौक, आजाद मोहल्ला, रावली पोल और सेरिंग तालाब की पाल सहित शहर के प्रमुख मार्गों से होकर गुजरी। रैली के दौरान लोगों से आगामी चुनाव में बिना किसी भय, दबाव या प्रलोभन के स्वतंत्र एवं निष्पक्ष मतदान करने की अपील की गई। रैली वापस पीएम श्री राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय पहुंचकर संपन्न हुई। पोस्टर के जरिए मतदान को लेकर किया जागरूक स्वीप अभियान के तहत कॉलेज में विद्यार्थियों के लिए पोस्टर निर्माण गतिविधि भी आयोजित की गई। विद्यार्थियों ने आकर्षक पोस्टरों के माध्यम से मतदाताओं को मतदान के प्रति जागरूक किया और 'शत-प्रतिशत मतदान' का संदेश दिया। कार्यक्रम की व्यवस्थाओं और गतिविधियों की निगरानी रिटर्निंग अधिकारी जगदीश चन्द्र बामनिया, जिला स्वीप अधिकारी रामावतार यादव और नगर परिषद आयुक्त अभिषेक शर्मा ने की। अधिकारियों ने लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र मतदाता के मतदान को आवश्यक बताया। उन्होंने कहा कि स्वीप अभियान के माध्यम से शहर और ग्रामीण क्षेत्रों में मतदाताओं को जागरूक करने के लिए लगातार विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।