सलूंबर आगामी पंचायती राज चुनावों की तैयारियों को लेकर भाजपा संगठन ने चुनावी गतिविधियां तेज कर दी हैं। भाजपा जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी ने सलूंबर,छप्पन और मेवल मंडल के कार्यकर्ताओं की बैठक लेकर बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने और चुनावी अभियान में पूरी ताकत से जुटने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि जनता गांवों में भाजपा की सरकार बनाने के लिए तैयार बैठी है,कार्यकर्ताओं को अब सीधे जनता से संवाद कर सरकार की योजनाओं और विकास कार्यों की जानकारी पहुंचानी होगी। जिलाध्यक्ष ने चुनावी कार्यालय का किया उद्घाटन सलूंबर-बांसवाड़ा बायपास पर छप्पन मंडल के चुनावी कार्यालय का उद्घाटन करते हुए जिलाध्यक्ष जोशी ने कहा कि गांवों के विकास के लिए स्थानीय स्तर पर भाजपा के बोर्ड और पंचायती राज प्रतिनिधियों का विजयी होना जरूरी है। इससे केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ प्रभावी रूप से गांवों तक पहुंच सकेगा। एकजुट होकर मैदान में उतरने की अपील उन्होंने कार्यकर्ताओं से कहा कि चुनाव में अपना-पराया और आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट होकर मैदान में उतरें। प्रत्येक कार्यकर्ता गांव-गांव जाकर हर मतदाता तक पहुंचे और भाजपा के विकास कार्यों की जानकारी दे।जोशी ने कहा कि राजस्थान में बड़ी संख्या में स्थानीय निकायों में भाजपा के बोर्ड बने हैं, जिसे उन्होंने जनता के भाजपा सरकार की योजनाओं के प्रति विश्वास के रूप में बताया। टिकट वितरण पर बोले- कार्यकर्ताओं और जनता की भावना का रखा जाएगा ध्यान जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी ने कहा कि पंचायती राज चुनाव में टिकट वितरण प्रक्रिया पारदर्शी तरीके से होगी।कार्यकर्ताओं और जनता की भावना के अनुरूप पैनल तैयार किए जाएंगे। इसके बाद जिला एवं संभाग कोर कमेटी की प्रक्रिया के बाद अंतिम निर्णय प्रदेश स्तर पर होगा। मेवल में बोले- पहला प्रधान भाजपा का बनेगा मेवल मंडल की बैठक करावली स्थित रोडदेश्वर महादेव मंदिर परिसर में मंडल अध्यक्ष नाहर सिंह राठौड़ की अध्यक्षता में हुई। मुख्य अतिथि जिलाध्यक्ष चंद्रशेखर जोशी ने कार्यकर्ताओं से चुनावी तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।उन्होंने कहा कि डबल इंजन की भाजपा सरकार में मेवल क्षेत्र में विकास कार्यों में कमी नहीं आई है।जो कार्य शेष हैं,उन्हें पंचायती राज में भाजपा की सरकार बनने के बाद पूरा कराया जाएगा। जोशी ने कार्यकर्ताओं से हर बूथ और हर मतदाता तक पहुंचने तथा भाजपा के विकास संकल्प के पक्ष में मतदान के लिए लोगों से संवाद करने को कहा। उन्होंने कहा कि प्रत्येक कार्यकर्ता को सक्रिय कर विजय अभियान में जुटाना है। साथ ही विपक्ष के प्रचार का तथ्यों के साथ जवाब देने का आह्वान किया। ये रहे मौजूद बैठकों में जिला उपाध्यक्ष सोनल मीणा, जिला मंत्री भूरा भाई पटेल, सहकारी उपभोक्ता भंडार जिलाध्यक्ष करण सिंह पवार, मंडल अध्यक्ष अमरा भाई पटेल, विधानसभा प्रवासी प्रतीक नंदवाना, पूर्व मंडल अध्यक्ष रामेश्वर जोशी, महामंत्री संजय मेहता, नेता प्रतिपक्ष सोहन लाल चौधरी, उप प्रधान देवेंद्र सिंह, परमानंद मेहता, पूर्व मंडल अध्यक्ष यशवंत त्रिवेदी, जिला प्रवक्ता नाथु भाई कोलावत, केवाराम पटेल, झमक लाल जैन, केशव चौबीसा सहित भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।