सलूंबर जिले में सरकारी अस्पताल के एक फार्मासिस्ट को तुरंत प्रभाव से सस्पेंड (निलंबित) कर दिया गया है। राजकीय जिला अस्पताल सलूंबर में तैनात फार्मासिस्ट बिरजूराम यादव पर सरकारी कर्मचारी होने के बावजूद प्राइवेट कोचिंग में पढ़ाने और राजनीतिक गतिविधियों में शामिल होने जैसे आरोप लगे हैं। चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग ने यह कार्रवाई की है। विभागीय जांच शुरू बिरजूराम यादव पर प्राइवेट कोचिंग में पढ़ाना, राजनीतिक गतिविधियों में शामिल होने, नगर परिषद चुनाव 2026 की प्रक्रिया को प्रभावित करने, बिना किसी मंजूरी या अनुमति के अपने ड्यूटी मुख्यालय से गायब रहने के आरोप है। बिरजूराम यादव के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कर दी गई है। अस्पताल के मुख्य चिकित्सा अधिकारी को निर्देश दिए गए हैं कि वे यादव के खिलाफ चार्जशीट (आरोप-पत्र) तैयार कर जल्द से जल्द निदेशालय भेजें। एक दिन पहले कोचिंग को भी मिला था नोटिस इस कार्रवाई से ठीक एक दिन पहले सलूंबर नगर परिषद ने 'दक्ष स्टडी सेंटर' नाम के कोचिंग संस्थान को नोटिस जारी किया था। शिकायत मिली थी कि यह कोचिंग बिना अनुमति के एक आवासीय (रहने वाले) मकान में चलाई जा रही थी, जो कि नियमों के खिलाफ है। नगर परिषद ने कोचिंग प्रबंधन को 7 दिन के भीतर अपने कानूनी दस्तावेज पेश करने का समय दिया है।