चूरू की रतननगर पुलिस ने सोमवार को गैंगस्टर संपत नेहरा को कोर्ट में पेश किया। उसे पंजाब की भटिंडा जेल से प्रोडक्शन वारंट पर चूरू लाया गया था। यह पेशी रतननगर थाने में दर्ज अवैध हथियारों से जुड़े एक मामले में एजीएम कोर्ट में हुई। गैंगस्टर की पेशी के दौरान कोर्ट परिसर में कड़ी सुरक्षा रही। क्यूआरटी और हथियारबंद जवान तैनात थे। पूरे परिसर में पुलिस का कड़ा पहरा था। एडवोकेट सलीम खान ने बताया कि रतननगर पुलिस ने 24 सितंबर 2026 को अवैध शराब और हथियारों के खिलाफ अभियान चलाया था। नाकाबंदी के दौरान एक पिकअप से देशी पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और 235 पव्वे देशी शराब मिली थी। पुलिस ने मौके से धोधलिया निवासी ओमप्रकाश गोदारा, दाऊदसर निवासी सुरेन्द्र कुमार जाट और अजीतसर निवासी भैराराम जाट को गिरफ्तार किया था। पूछताछ में सामने आया कि बरामद अवैध हथियार संपत नेहरा के जरिए आए थे। इसके बाद रतननगर पुलिस ने संपत नेहरा को भटिंडा जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। पेशी के बाद उसे जेल भेज दिया गया।