धौलपुर में पितृ पक्ष खत्म होने पर शनिवार को सर्वपितृ अमावस्या पर आस्था का माहौल दिखा। सैंपऊ के बाड़ी मार्ग पर पार्वती नदी और धौलपुर के तीर्थराज मचकुंड पर पितरों का तर्पण करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी। सुबह से ही दोनों जगहों पर लोगों का पहुंचना दिनभर जारी रहा। श्रद्धालुओं ने पार्वती नदी के किनारे और मचकुंड पर विधि-विधान से पूजा की। उन्होंने पूर्वजों को जल चढ़ाकर तर्पण किया। लोगों ने पितरों को श्रद्धांजलि दी और उनकी आत्मा की शांति मांगी। पूर्वजों को याद कर धार्मिक परंपराएं निभाईं धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सर्वपितृ अमावस्या पितरों के लिए श्राद्ध और तर्पण का खास दिन है। इस दिन तर्पण से पितरों का आभार व्यक्त होता है और उनका आशीर्वाद मिलता है। जिन पूर्वजों की मृत्यु तिथि पता नहीं होती, उनका श्राद्ध भी इसी दिन किया जाता है। पितृ पक्ष के आखिरी दिन श्रद्धालुओं ने पूर्वजों को याद कर धार्मिक परंपराएं निभाईं। पार्वती नदी और तीर्थराज मचकुंडपर दिनभर लोगों की भीड़ से माहौल भक्तिमय रहा। इसी के साथ पितरों के प्रति श्रद्धा और याद का पखवाड़ा खत्म हो गया।