यमन के हूती विद्रोहियों ने शनिवार को सऊदी अरब के तेल ठिकानों और एयरपोर्ट्स पर हमला किया है। हूती प्रवक्ता याह्या सरी के मुताबिक, निशाने पर सऊदी तेल कंपनी अरामको का यानबू ठिकाना, राबिग तेल रिफाइनरी और रियाद, दम्माम व नजरान के एयरपोर्ट थे। सऊदी सिविल डिफेंस ने मक्का और मदीना में मिसाइलों के टुकड़े गिरने की चेतावनी दी है। लोगों से सुरक्षित जगहों पर रहने को कहा गया है। इस महीने सऊदी अरब पर हूतियों ने 6 बड़े हमले किए हैं। अदन में नौसैनिक ठिकानों पर हमले हूती प्रवक्ता याह्या सरी के मुताबिक उनकी सेना ने अदन में सैन्य कैंप और नौसैनिक अड्डे को भी निशाना बनाया। अदन यमन की अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मान्यता प्राप्त सरकार का अंतरिम केंद्र है। यहां हाल के दिनों में भी हमले हुए हैं। 15 अक्टूबर को अदन में राष्ट्रपति भवन परिसर पर मिसाइल हमला हुआ था। यमनी अधिकारियों के मुताबिक, इसमें पांच लोगों की मौत हुई और 16 घायल हुए। प्रधानमंत्री शाया अल-जिंदानी और सरकार के दूसरे अधिकारी सुरक्षित रहे। 16 अक्टूबर को अदन एयरपोर्ट परिसर में भी दो मिसाइलें गिरी थीं। यमनी अधिकारियों के मुताबिक, ये मिसाइलें काहिरा जाने के लिए तैयार एक यात्री विमान से करीब 500 मीटर दूर गिरीं। इस घटना में किसी की मौत या घायल होने की खबर नहीं थी। यमन सेना का दावा- 24 घंटे में 300 से ज्यादा हूती लड़ाके मारे यमन की सरकारी सेना ने दावा किया है कि उसने पिछले 24 घंटे में 700 से ज्यादा हमले किए हैं। सेना के प्रवक्ता कर्नल माजिद अब्दुल्ला अल-नजिली ने इसकी जानकारी दी। प्रवक्ता के मुताबिक, इन हमलों में 300 से ज्यादा हूती लड़ाके मारे गए। उन्होंने बताया कि ताइज इलाके में हूती विद्रोहियों के ठिकानों, हथियारों के गोदाम और सामान पहुंचाने वाले रास्तों पर हमले किए गए। इस इलाके में कई दिनों से सेना और हूती विद्रोहियों के बीच लड़ाई चल रही है। हूतियों का दावा- सना में सऊदी ने हमले किए हूती मीडिया चैनल अल-मसीरा के मुताबिक, सना और उसके आसपास के इलाकों में सऊदी अरब ने कई हमले किए। चैनल ने मोखा शहर के आसपास करीब 20 हवाई हमले होने की भी जानकारी दी। सना के आसपास एक रिहायशी इमारत पर भी हमला हुआ। इस इमारत में सीमेंट फैक्ट्री में काम करने वाले लोग रहते थे। हूती मीडिया के मुताबिक, हमले में छह महिलाओं और एक बच्चे की मौत हुई, जबकि तीन लोग घायल हुए। सऊदी अरब और हूतियों की दुश्मनी क्यों है इस संघर्ष की शुरुआत यमन के गृहयुद्ध से हुई। यमन में हूतियों ने 2014 में राजधानी सना पर कब्जा कर लिया था। इसके बाद 2015 में सऊदी अरब ने कई देशों के साथ मिलकर उनके खिलाफ सैन्य अभियान शुरू किया। सऊदी अरब चाहता था कि यमन की अंतरराष्ट्रीय मान्यता प्राप्त सरकार दोबारा सत्ता में आए और हूतियों का कब्जा खत्म हो। इसके बाद कई साल तक यमन में हवाई हमले होते रहे। लेकिन हूतियों को पूरी तरह पीछे धकेलने में सऊदी गठबंधन कामयाब नहीं हो पाया। हूती अब भी यमन के बड़े हिस्से में अपनी पकड़ बनाए हुए हैं। उनकी लड़ाई का असर अब सऊदी अरब की सुरक्षा पर भी पड़ रहा है। अक्टूबर में सऊदी अरब पर हूतियों के बड़े हमले 3 अक्टूबर: हूतियों ने दावा किया कि उन्होंने रियाद में सऊदी कंपनी अरामको के तेल ठिकाने पर मिसाइल और ड्रोन से हमला किया। वहां आग लगने और धुआं उठने की खबर आई। 10 अक्टूबर: रियाद के किंग खालिद एयरपोर्ट पर हमला हुआ। रिपोर्ट के मुताबिक, 12 लोगों की मौत हुई और 309 लोग घायल हुए। हूतियों ने हमले की जिम्मेदारी ली। 11 अक्टूबर: रियाद एयरपोर्ट पर फिर हमले की खबर आई। एक व्यक्ति की मौत हुई और 11 लोग घायल हुए। दम्माम शहर के किंग फहद एयरपोर्ट पर भी हमले हुए। 13-14 अक्टूबर: धहरान में अरामको के मुख्यालय में आग लग गई। सऊदी ऊर्जा मंत्रालय ने इसकी पुष्टि की। हूतियों ने रियाद एयरपोर्ट और तेल ठिकानों पर हमले का भी दावा किया। 19 अक्टूबर: सऊदी गठबंधन ने बताया कि उसने यानबू की ओर आ रही एक मिसाइल को रोक दिया। उसने ड्रोन और क्रूज मिसाइलों को भी नष्ट करने की बात कही। 19 अक्टूबर को हूतियों ने यानबू, शायबा तेल क्षेत्र और रियाद-अभा एयरपोर्ट पर हमले का दावा किया। 24 अक्टूबर: हूतियों ने रियाद में रक्षा मंत्रालय, यानबू में अरामको के ठिकाने और दम्माम एयरपोर्ट पर हमले का दावा किया। 24 अक्टूबर को सऊदी गठबंधन ने कहा कि उसने ताइफ और यानबू की ओर आ रही दो मिसाइलों को रोक दिया।
----------------------------- ये खबर भी पढ़ें… ट्रम्प ने भारत पर 100% टैरिफ लगाने वाला कानून रोका, बोले- हमें फायदा, रूस से कर चुका डीजल खरीद डील अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रम्प ने रूस पर सख्त प्रतिबंध लगाने वाले कानून को फिलहाल रोक दिया है। ट्रम्प ने शुक्रवार को इस फैसले से जुड़े आदेश पर हस्ताक्षर किए और कहा कि यह कदम अमेरिका के हित में है। पूरी खबर पढ़ें…