सवाई माधोपुर में म्यूल अकाउंट उपलब्ध कराने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। आरोपी अपने बैंक खाते में देश के अलग-अलग राज्यों के लोगों से ठगी की रकम मंगवाता था। इसके बदले वह रकम का 10 प्रतिशत कमीशन अपने पास रखकर शेष राशि एटीएम से निकालकर साइबर ठगी में शामिल अपने साथियों को सौंप देता था। कार्रवाई मानटाउन थाना पुलिस ने की। थाना प्रभारी सुनील कुमार गुप्ता ने बताया- 25 अगस्त को एएसआई जगराम ने जिले के बैंकों में संदिग्ध म्यूल खातों की जांच की। इस दौरान इंडियन बैंक, सवाई माधोपुर के खाता संख्या 7463669430 पर राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल 1930 पर तीन अलग-अलग साइबर ठगी की शिकायतें दर्ज मिलीं। शिकायतों में वाराणसी(यूपी) निवासी आयुष मिश्रा, छिंदवाड़ा(एमपी) निवासी आयुषी साहू और कोलकाता(पश्चिम बंगाल) निवासी प्रियम दत्ता पीड़ित बताए गए। बैंक रिकॉर्ड और खाता खोलने के दस्तावेजों की जांच में यह खाता मानटाउन स्थित आईएचएस कॉलोनी निवासी पंकज नरवाल (21) पुत्र मुकेश के नाम पर मिला। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। 10 प्रतिशत कमीशन का दिया था लालच पुलिस पूछताछ में पंकज ने बताया कि उसकी कॉफी की दुकान पर आने-जाने वाले रोहित मीणा उर्फ गोलू मीणा निवासी महू, सूरवाल, विकास मीणा निवासी महू और आकिब जुबेर निवासी दोबड़ा कलां से उसकी दोस्ती थी। आरोप है कि इन लोगों ने पंकज को 10 प्रतिशत कमीशन देने का लालच दिया और उसके बैंक खाते में साइबर ठगी से हासिल रकम जमा करवाना शुरू कर दिया। आरोपी के अनुसार, खाते में रकम आने के बाद वह उसका 10 प्रतिशत हिस्सा अपने पास रखता था और बाकी रकम एटीएम से निकालकर साथियों को दे देता था। पुलिस ने मामले में विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। आरोपी से पूछताछ जारी है। पुलिस अब साइबर ठगी से जुड़े इस नेटवर्क के अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।