सवाई माधोपुर की रवाजंना डूंगर पुलिस ने एक कार से 50 पेटी देसी शराब बरामद की है। पेटियों में देसी शराब के 2400 पव्वे मिले। पुलिस ने शराब ले जा रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। कार को जब्त कर लिया गया है। रवांजना डूंगर थानाधिकारी श्याम सुन्दर ने बताया- मुखबिर से इनपुट मिला था कि सफेद रंग की टवेरा गाड़ी में अवैध देसी शराब भरकर बोदल से लहसोड़ा की ओर लाई जा रही है। सूचना के बाद पुलिस ने लहसोड़ा पुलिस चौकी के सामने नाकाबंदी कर वाहनों की जांच शुरू की गई। टवेरा कार में मिली 50 पेटी शराब इसी दौरान RJ-25-TA-1829 नंबर की टवेरा कार आती दिखाई दी। पुलिस ने गाड़ी को रुकवाकर तलाशी ली तो उसमें 50 पेटी देसी शराब मिली। कार ड्राइवर समेत दो युवकों को डिटेन कर पूछताछ की गई। दोनों से शराब ट्रांसपोर्ट से संबंधित लाइसेंस या वैध अनुज्ञा पत्र मांगा। कोई दस्तावेज पेश नहीं करने के कारण पुलिस ने ड्राइवर अशोक कुमार (32) पुत्र दुर्गालाल, निवासी प्रताप नगर खेरदा, थाना मानटाउन और नारायण (44) पुत्र सूरजमल, निवासी छाबड़ी चौकी आलनपुर, थाना कोतवाली को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही 50 पेटी यानी 2400 अवैध देसी शराब के पव्वे और तस्करी में इस्तेमाल टवेरा गाड़ी जब्त कर ली। फिलहाल पुलिस आरोपियों से शराब के मुख्य सप्लायर और खरीददार के संबंध में पूछताछ कर जांच की जा रही है। यह कार्रवाई आईजी पुलिस भरतपुर रेंज प्रीति चंद्रा और एसपी सवाई माधोपुर ज्येष्ठा मैत्रेयी के निर्देशन में की गई। एएसपी राकेश राजौरा और पुलिस सीओ ग्रामीण रामधन चौधरी के सुपरविजन में और थानाधिकारी श्यामसुंदर के नेतृत्व में पुलिस टीम कार्रवाई कर रही थी।