सवाई माधोपुर के मलारना डूंगर उपखंड क्षेत्र के छोटा दौनायचा गांव निवासी अफसार खान उर्फ भूरिया पुत्र रहीमुद्दीन खान (34) की दुबई में 8 सितंबर को हार्ट अटैक से मौत हो गई थी। गुरुवार सुबह दुबई से फ्लाइट से उसका शव जयपुर एयरपोर्ट पहुंचा। इसके बाद परिजन शव को पैतृक गांव छोटा दौनायचा लेकर पहुंचे। यहां सुबह करीब 11 बजे सुपुर्द-ए-खाक किया गया। 3 महीने पहले गया था दुबई मृतक के चाचा मतलूब ने बताया- अफसार खान 3 महीने पहले ही रोजगार के सिलसिले में दुबई गया था। युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में मातम छा गया। गुरुवार को शव गांव पहुंचने के बाद माहौल गमगीन हो गया। अफसार की तदफीन में आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोग पहुंचे। लोगों ने नम आंखों से उसे अंतिम विदाई दी और शोक संतप्त परिजनों को ढांढस बंधाया। प्राइवेट कंपनी में मजदूरी करता था मतलूब ने बताया- अफसार वहां एक प्राइवेट कंपनी में मजदूरी करता था। घर में पिता-माता, बड़ा भाई और चार बहनें है। बड़ा भाई अलमुद्दीन सऊदी अरब मे मजदूरी करता है। चारों बहनों की शादी हो चुकी है। 5 साल पहले शादी हुई थी मतलूब ने बताया-अफसार खान की 5 साल पहले शादी हुई थी, लेकिन उसके कोई संतान नहीं थी। महज 34 वर्ष की उम्र में हुई उसकी मौत से परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।