हिंदी पखवाड़े के तहत दूदापुरा पीईईओ क्षेत्र के विद्यालयों में संगोष्ठी और प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ। कार्यक्रम अतिरिक्त मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी विजयसिंह माली के सानिध्य में हुए। आयोजन शिक्षा संस्कृति उत्थान न्यास के तत्वावधान में किया। पंचायत प्रारंभिक शिक्षा अधिकारी ने बताया कि राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय छोडा, राजकीय उच्च माध्यमिक विद्यालय दूदापुरा, राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय काणा में संगोष्ठी हुई। माली ने हिंदी की विशेषताओं पर बात की। हिंदी के शब्दकोश और साहित्य को समृद्ध, अतुलनीय बताया। कहा कि महान साहित्यकारों ने हिंदी साहित्य को मजबूत बनाया है। विद्यार्थियों को हिंदी में हस्ताक्षर करने का संकल्प दिलाया। इंडिया की जगह भारत शब्द के उपयोग की बात कही। सोलंकी ने बताया कि पखवाड़े के तहत भाषण, निबंध, चार्ट प्रतियोगिता कराई गई। कार्यक्रम में शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद रहे।