शिवगंज थाना क्षेत्र के ध्रुवाना गांव से करीब 3 किलोमीटर दूर कामेश्वर महादेव मंदिर परिसर में संत त्रिवेणीगिरी महाराज की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना की सूचना पर पहुंचे साधु-संतों ने इसे हत्या बताया है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र कुमार ने बताया कि 70 वर्षीय संत त्रिवेणीगिरी मंदिर में अकेले रहते थे। उनका शव गुरुवार देर शाम को मिला। शिवगंज डीएसपी और थानाधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शुक्रवार को घटनास्थल पर ही मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने शुरुआती जांच में इसे हत्या का मामला माना है। शव दो-तीन दिन पुराना होने की आशंका जताई गई है। संत का सारा सामान गायब है, जिससे लूट की आशंका भी है। उनके शव पर चोट के निशान भी मिले हैं। साधु-संतों ने उनकी कुटिया में ही समाधि देने की तैयारी की है, लेकिन यह जगह वन विभाग के इलाके में आती है। जिस स्थान पर साधु का शव मिला, वहां मोबाइल टावर नहीं है। इस वजह से वहां संपर्क का कोई साधन नहीं है और सूचना देना मुश्किल हो जाता है।