राजस्थान में दूसरे चरण में होने वाले पंचायत चुनाव के लिए 13 अक्टूबर से नामांकन शुरू हो गए हैं। सीकर की श्रीमाधोपुर पंचायत समिति के वार्ड 19 से यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा के बड़े बेटे दुर्गा सिंह खर्रा ने बुधवार को निर्दलीय नामांकन दाखिल किया है। पाली जिला परिषद चुनाव में वार्ड संख्या 21 से भाजपा प्रत्याशी ममता राजपुरोहित की निर्विरोध जीत तय है। उनके सामने कांग्रेस की ममता देवी ने नामांकन दाखिल किया था, लेकिन जांच के दौरान उनका नामांकन खारिज हो गया। जोधपुर में कांग्रेस के एक और आरएलपी के 2 प्रत्याशियों के नामांकन रद्द हो गए। मंत्री के बेटे दुर्गा सिंह खर्रा ने कहा- कार्यकर्ताओं में स्थानीय नेताओं से नाराजगी, वे नहीं चाहते थे भाजपा से टिकट लूं। इसके चलते निर्दलीय नामांकन भरने का फैसला किया है। उन्होंने कहा- मंत्री झाबर सिंह खर्रा से क्षेत्र में कोई नाराजगी नहीं है। उनके काम से सभी संतुष्ट हैं। उनके मंत्री बनने के बाद श्रीमाधोपुर में पार्टी के कर्ता-धर्ताओं से नाराजगी है। हम भाजपा के हैं और भाजपा में ही रहेंगे, लेकिन मौजूदा स्थानीय नेतृत्व से संतुष्ट नहीं है। पिछली बार हार गए थे चुनाव दुर्गा सिंह खर्रा पिछली बार वार्ड 14 से (वर्तमान वार्ड 8, भारणी) से पंचायत समिति सदस्य का चुनाव हार गए थे। इस बार वे वार्ड 19 से निर्दलीय लड़ रहे हैं। इस बार श्रीमाधोपुर पंचायत समिति में प्रधान का पद सामान्य महिला के लिए आरक्षित है।