उदयपुर में श्रीमाली ब्राह्मण समाज की ओर से सामूहिक अनंत चतुर्दशी उद्यापन कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें 35 जोड़ों ने एक साथ यज्ञ में आहुतियां दीं और धार्मिक अनुष्ठान में हिस्सा लिया। समाज के अध्यक्ष ने कहा कि इस तरह के सामूहिक आयोजनों से समाज में आपसी एकता और भाईचारा मजबूत होता है। अनंत चतुर्दशी पर आज टाइगर हिल स्थित संस्कार भवन में श्रीमाली ब्राह्मण समाज संस्था मेवाड़ की ओर से उद्यापन का आयोजन किया गया। धार्मिक आयोजन में मेवाड़ के विभिन्न क्षेत्रों से आए करीब 2500 समाजबंधुओं ने भाग लिया। इस दौरान 35 जोड़ों ने सामूहिक रूप से उद्यापन कर यज्ञ में आहुतियां दीं और धार्मिक परंपरा का निर्वहन किया। कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 11 बजे गृह शांति पूजन के साथ हुई। इसके बाद आचार्यों के सान्निध्य में अनंत चतुर्दशी उद्यापन की विभिन्न धार्मिक विधियां संपन्न कराई गईं। जगदीशराज श्रीमाली, रमेश श्रीमाली, चेतन श्रीमाली, नर्बदा शंकर श्रीमाली, अनीश श्रीमाली सहित मेवाड़ के 35 जोड़ों ने यज्ञ में भाग लिया। आयोजन में संयोजक जयंत श्रीमाली, युवा अध्यक्ष प्रफुल्ल श्रीमाली और युवा प्रभारी उमेश श्रीमाली की प्रमुख भूमिका रही। पूजन व्यवस्था में उमेश ओझा, राधाकमल श्रीमाली, रेवाशंकर श्रीमाली और महेंद्र श्रीमाली ने सहयोग किया। भोजन व्यवस्था की जिम्मेदारी रविप्रकाश श्रीमाली, प्रकाश ओझा, किशन श्रीमाली, ऋषि त्रिवेदी, धर्मेंद्र श्रीमाली और महेंद्र त्रिवेदी ने संभाली। सामूहिक धार्मिक आयोजनों से एकता-भाईचारा होता है मजबूत समाज अध्यक्ष दिग्विजय श्रीमाली ने कहा कि ऐसे सामूहिक धार्मिक आयोजनों से समाज की परंपराओं और संस्कारों को आगे बढ़ाने के साथ आपसी एकता और भाईचारा भी मजबूत होता है। महिला शाखा की अध्यक्ष रेखा श्रीमाली के नेतृत्व में महिला सदस्यों ने पूरी सेवाएं दी।