श्रीलंका के खिलाफ दूसरे टेस्ट से पहले भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने बाएं हाथ के स्पिनर्स के खिलाफ प्रैक्टिस की। शुक्रवार को कोलंबो के सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब में गिल ने रवींद्र जडेजा, मानव सुथार का सामना किया। उन्होंने स्पिन के खिलाफ लगातार आगे निकलकर बड़े शॉट लगाए और अपने फुटवर्क पर भी काम किया। गिल के लिए यह तैयारी इसलिए अहम है, क्योंकि गॉल में खेले गए पहले टेस्ट की दोनों पारियों में श्रीलंका के बाएं हाथ के स्पिनर प्रभात जयसूर्या ने उन्हें आउट किया था। गिल ने पहली पारी में 16 और दूसरी पारी में 8 रन बनाए थे। हालांकि भारत ने यह मुकाबला 165 रन से जीतकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है। दूसरा टेस्ट 23 अगस्त से कोलंबो में खेला जाएगा। नेट्स में गिल ने लगाए बड़े शॉट गिल ने अभ्यास के दौरान स्पिनर्स के खिलाफ आक्रामक रुख अपनाया। वह बार-बार क्रीज से बाहर निकलकर गेंदबाजों पर बढ़े शॉट खेलते नजर आए। पहले टेस्ट में भी गिल ने जयसूर्या के खिलाफ आगे निकलकर हमला करने की कोशिश की थी। पहली पारी में अपनी 28वीं गेंद पर वह क्रीज से बाहर निकले और बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की थी। दूसरी पारी में उन्होंने जयसूर्या के खिलाफ स्वीप खेलने का प्रयास किया, लेकिन गेंद की लेंथ को सही तरीके से नहीं पढ़ सके और आउट हो गए। इसके बावजूद भारतीय टीम मैनेजमेंट गिल की बल्लेबाजी को लेकर चिंतित नहीं है। स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले ने कहा कि गिल परिस्थितियों के हिसाब से अपने खेल को ढालने के लिए अपनी प्रक्रिया पर काम कर रहे हैं। 42 टेस्ट में बाएं हाथ के स्पिनर्स ने 11 बार आउट किया गिल टेस्ट क्रिकेट में बाएं हाथ के स्पिनर्स के खिलाफ 11 बार आउट हो चुके हैं। हालांकि ऑफ स्पिन और लेग स्पिन के खिलाफ उनका रिकॉर्ड बेहतर है। इन दोनों तरह के स्पिनर्स के खिलाफ उनका संयुक्त बल्लेबाजी औसत करीब 61 है, जबकि सभी तरह के स्पिनर्स के खिलाफ उनका औसत करीब 48 है। कुलदीप और राहुल ने नहीं किया अभ्यास कुलदीप यादव और केएल राहुल शुक्रवार के अभ्यास सत्र में शामिल नहीं हुए। स्पिन गेंदबाजी कोच साईराज बहुतुले ने बताया कि दोनों को आराम दिया गया है। कुलदीप नेट्स पर मौजूद थे, लेकिन उन्होंने गेंदबाजी या बल्लेबाजी नहीं की। कुलदीप ने गॉल टेस्ट में 25 ओवर में 103 रन देकर सिर्फ एक विकेट लिया था। उनका एकमात्र विकेट भी गिल के शानदार कैच की मदद से आया था। कुलदीप की जगह सारांश जैन ने लंबा स्पेल डाला। उन्होंने गिल और ऋषभ पंत को गेंदबाजी की और पंत को दो मौकों पर परेशान भी किया। श्रीलंका की टीम में बाएं हाथ के बल्लेबाजों की संख्या को देखते हुए सारांश को मौका देने की चर्चा जरूर है, लेकिन टीम मैनेजमेंट ने अभी कुलदीप को लेकर कोई फैसला नहीं किया है। टीम कॉम्बिनेशन पर आखिरी फैसला पिच देखकर भारत की प्लेइंग-11 में तीसरे स्पिनर को लेकर फैसला पिच को आखिरी बार देखने के बाद किया जाएगा। गॉल टेस्ट में रवींद्र जडेजा और मानव सुथार ने कुलदीप की तुलना में ज्यादा प्रभाव छोड़ा था। दूसरे टेस्ट में श्रीलंका के बल्लेबाजी क्रम में बाएं हाथ के बल्लेबाजों को देखते हुए स्पिन कॉम्बिनेशन पर भी नजर रहेगी। हालांकि टीम में बड़े बदलाव की संभावना फिलहाल नहीं दिख रही है। राहुल और जुरेल ने पहले टेस्ट में लगाए थे अर्धशतक केएल राहुल अभ्यास में नहीं आए, जबकि ध्रुव जुरेल थोड़ी देर से नेट्स पर पहुंचे। दोनों ने गॉल टेस्ट में फिफ्टी लगाई थी। राहुल ने पहली पारी में 82 और दूसरी पारी में 35 रन बनाए थे। गर्मी और उमस के बीच अभ्यास कोलंबो में शुक्रवार को गर्मी और उमस के बीच भारतीय टीम ने अभ्यास किया। सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब का मैदान आसपास के पेड़ों और ऊंची इमारतों से घिरा है, लेकिन मौसम के कारण यहां खिलाड़ियों के लिए ट्रेनिंग आसान नहीं थी। मुख्य कोच गौतम गंभीर और चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर भी अभ्यास सत्र के दौरान मौजूद रहे। तेज गेंदबाजी कोच मोर्ने मोर्केल ने भी नेट्स में गेंदबाजी की। गिल और पंत ने तेज गेंदबाजों, साइडआर्मर्स और नेट गेंदबाजों का भी सामना किया। सिंहलीज क्लब की पिच पर स्पिन का असर बाद में सिंहलीज स्पोर्ट्स क्लब की पिच शुरुआत में बल्लेबाजों के लिए अच्छी रहने की उम्मीद है, जबकि मैच आगे बढ़ने के साथ पुरानी पिच पर स्पिनर्स को टर्न और उछाल मिल सकता है। ---------------------
स्पोर्ट्स की यह खबर भी पढ़ें…
ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे टेस्ट में एक बदलाव किया:रेनशॉ की 3 साल बाद वापसी ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश के खिलाफ दूसरे टेस्ट के लिए प्लेइंग-11 में एक बदलाव किया है। जैक वेदराल्ड की जगह मैथ्यू रेनशॉ को टीम में शामिल किया गया है। रेनशॉ 3 साल बाद टेस्ट क्रिकेट में वापसी करेंगे और ट्रैविस हेड के साथ पारी की शुरुआत करेंगे। दूसरा टेस्ट 22 अगस्त से मैके में खेला जाएगा। पूरी खबर…