भरतपुर| महारानी श्री जया राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (एमएसजे कॉलेज) में शनिवार को आयुक्तालय कॉलेज शिक्षा राजस्थान के संयुक्त निदेशक एचआरडी प्रोफेसर डॉ. शोभाराम शर्मा ने औचक निरीक्षण किया। दोपहर 12:40 बजे किए गए निरीक्षण के दौरान उपस्थिति पंजिकाओं की जांच में 14 संकाय सदस्यों के 12:40 बजे से पहले ही जाने के समय के हस्ताक्षर दर्ज मिले। इस पर संयुक्त निदेशक ने कड़ी आपत्ति जताते हुए संबंधित संकाय सदस्यों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. संजय कुमार ने तत्काल कार्रवाई करते हुए सभी 14 संकाय सदस्यों को नोटिस जारी कर दो कार्य दिवस में जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। निरीक्षण के दौरान संयुक्त निदेशक ने कॉलेज के विभिन्न विभागों का जायजा लिया और संकाय सदस्यों की समस्याएं सुनीं। अधिकांश समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया।