सीकर में लोन फोरक्लोजर करवाने के नाम पर साइबर ठगी का मामला सामने आया है। सरकारी कमर्चारी इस ठगी का शिकार हुआ। जिससे साइबर ठगों ने बकाया 1.25 लाख के बदले 7.50 लाख रुपए ट्रांसफर करवा लिए। अब साइबर थाना पुलिस मामले की जांच कर रही है। साइबर थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार सीकर जिले के निवासी राहुल मीणा इस साइबर ठगी का शिकार हुआ। उन्होंने ऑनलाइन किसी ऐप से एडवांस सैलेरी लोन लिया था। जिसके 1.25 लाख रुपए बकाया थे। ऐसे में वह बकाया राशि चुकाने के लिए उन्होंने गूगल पर उस ऐप के लोन फोरक्लोजर के बारे में सर्च किया। यहीं से वह साइबर ठगों के चक्कर में आ गए। साइबर ठगों ने उन्हें लिमिट बढ़ने जैसे लालच देकर 7.50 लाख रुपए अलग-अलग बैंक अकाउंट में जमा करवाए। इसके बावजूद भी साइबर ठग 1 लाख रुपए की डिमांड और कर रहे थे। ऐसे में सरकारी कर्मचारी राहुल को शक हो गया कि वह साइबर ठगी का शिकार हो गए। उन्होंने इसकी साइबर पोर्टल पर शिकायत की। साइबर पोर्टल पर शिकायत दर्ज होने के बाद साइबर थाना पुलिस में मुकदमा दर्ज हुआ। अब पुलिस मुकदमे की जांच कर रही है। जिन बैंक अकाउंट में साइबर ठगों ने सरकारी कर्मचारी राहुल से रुपए ट्रांसफर करवाए। उनके आधार पर अब साइबर थाना पुलिस आरोपियों का पता लगा रही है। साइबर थाना पुलिस का कहना है कि इस तरह के मामलों में ऑफिशियल वेबसाइट या पोर्टल के जरिए भुगतान करें या कंपनी के किसी प्रतिनिधि के जरिए भुगतान करें। जिससे कि आप साइबर ठगी का शिकार होने से बच सकें।