सीकर में जिला स्तरीय रोजगार उत्सव और पंचायती राज प्रतिनिधि संवाद कार्यक्रम हुए। रोजगार उत्सव में सरकारी नौकरियों में सलेक्ट हुए जिलेभर के 231 युवाओं को वेलकम किट देकर सम्मानित किया गया, इनमें से 126 सलेक्शन पशुपालन विभाग में हुए हैं। वहीं, पंचायतीराज प्रतिनिधि संवाद के राज्य स्तरीय कार्यक्रम का लाइव टेलीकास्ट किया गया। सरकार ने युवाओं को सरकारी नौकरियों के दिए अवसर पूर्व सांसद स्वामी सुमेधानंद ने कहा कि प्रदेश सरकार ने सरकारी नौकरियों में युवाओं को भरपूर अवसर दिए हैं। प्रदेश सरकार के राज में अब तक सीकर जिले के 4 हजार से ज्यादा युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं। शहरों के साथ ग्रामीण इलाकों के युवाओं को देने से भाजपा गांवों में मजबूत हो रही है। विधायक गोवर्धन वर्मा ने कहा कि प्रदेश सरकार ने पेपर लीक की प्रथा तोड़कर पारदर्शी तरीके से सरकारी भर्तियां की हैं। पंचायतीराज प्रतिनिधि संवाद में सीकर जिले के रलावता प्रशासक जयप्रकाश और दूल्हेपुरा प्रशासक विमला देवी को भी सीएम से संवाद के लिए लिस्टेड किया गया था। हालांकि, उनको मौका नहीं मिल सका। जिला परिषद सभागार में हुए कार्यक्रम में एडीएम(सिटी) भावना, सीईओ राजपाल यादव, भाजपा नेत्री मधु कुमावत मंचस्थ थे। संचालन डॉ. जयश्री धाभाई ने किया। अतिथियों ने प्रशासनिक सुधार विभाग के 7, आयुर्वेद विभाग के 21, कॉलेज शिक्षा विभाग के 1, कार्मिक विभाग के 54, यूनानी चिकित्सा विभाग के 18, पशुपालन विभाग के 126, आरएसी बटालियन के 2, नेशनल हैल्थ मिशन के 1, माध्यमिक शिक्षा के 2 और कौशल सुधार विभाग के 1 नवचयनित कार्मिक को वेलकम किट देकर सम्मानित किया।