सीकर के कोतवाली थाना इलाके में जमीन की फर्जी तरीके से रजिस्ट्री करवाकर उसे बेचने के नाम पर 96.50 लाख रुपए ठगने का मामला सामने आया है। सीकर के कोतवाली पुलिस थाने में पांच लोगों के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज हुआ है। इस संबंध में अब पुलिस जांच कर रही है। इस संबंध में सीकर के कंवरपुरा रोड निवासी मूलचंद सैनी ने कोतवाली पुलिस थाने में कोर्ट इस्तगासे से सिंहासन निवासी बोदू, लोकेश निवासी दादली हरदयालपुरा, मुकेश निवासी दादली हरदयालपुरा,भंवरलाल निवासी दादली हरदयालपुरा और बोदू नंदा के खिलाफ मुकदमा दर्ज करवाया है। । जानकारी के अनुसार सिंहासन गांव के रहने वाले बोदू के नाम पर गांव में करीब 11 बीघा जमीन थी जो उन्होंने 1960 के करीब एक आदमी को बेच दी और खुद डूंगरगढ़ चले गए। उनका परिवार वहां पर ही रहने लगा। उन्होंने जिस आदमी को अपनी जमीन बेची थी। वर्तमान में उसकी तीसरी पीढ़ी यहां पर रह रही है। 1960 में जब जमीन का विक्रय किया गया तब बोदू ने एक स्टांप लिखकर दिया था। 1986 में जमीन के वास्तविक मालिक की मौत हो गई। लेकिन वर्तमान में जमीन राजस्व रिकॉर्ड में उन्हीं के नाम पर थी। ऐसे में आरोपियों ने मिलकर जमाबंदी निकलवाई और फिर उसके आधार पर एक बुजुर्ग आदमी का आधार कार्ड एडिट करके उसका नाम बोदू करवा दिया। जिसे बाद में सीकर कलेक्ट्रेट परिसर में स्थित रजिस्ट्रार ऑफिस में लाकर जमीन की फर्जी तरीके से रजिस्ट्री करवाकर उसे मूलचंद को बेच दिया। जमीन के बदले 96.50 लाख रुपए ठग लिए।