सीकर में निकाय चुनाव को लेकर कांग्रेस पार्टी से टिकट पाने वाले लोगों की पहली सूची बहुत जल्द जारी हो सकती है। यह बात कांग्रेस की जिलाध्यक्ष सुनीता गिठाला ने कही। दरअसल आज कांग्रेस पार्टी के द्वारा जिला कांग्रेस कार्यालय में प्रत्याशियों के चयन से संबंधित एक मीटिंग आयोजित हुई। इसमें प्रभारी विशाल जांगिड़,सह प्रभारी पी एल प्रजापति सहित कई नेता और पदाधिकारी मौजूद रहे। बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में जिलाध्यक्ष सुनीता ने कहा कि आज विधानसभा के समन्वयक और प्रभारी के साथ बैठक की गई है। फिलहाल कैंडिडेट सिलेक्शन की प्रक्रिया जारी है। बहुत जल्द कांग्रेस की पहली सूची जारी होगी। सुनीता ने कहा कि इस बार चुनाव लड़ने के लिए कांग्रेस के पास विजन है क्योंकि राजस्थान में भाजपा सरकार ने पिछले ढाई साल के कार्यकाल में कोई भी काम नहीं करवाया। ऐसे में मजबूती के साथ इस चुनाव में कांग्रेस पार्टी लड़ेगी। कांग्रेस पार्टी में ऐसे कैंडिडेट को टिकट दी जाएगी जो लगातार पब्लिक कनेक्ट में रहा हो। इसके साथ ही पार्टी के इंटरनल सर्वे में जो सबसे मजबूत होगा वही टिकट का दावेदार होगा। बता दें कि आज का कार्यक्रम वैसे तो पार्टी के पदाधिकारी और विधानसभा में लगे प्रभारी और कोऑर्डिनेटर का था। लेकिन टिकट के लिए दावेदारी करने वाले लोग इस कार्यक्रम में भी पहुंच गए। जो अपने साथ महिलाओं को लेकर आए। जिन्होंने वहां मौजूद सीकर विधायक राजेंद्र पारीक से टिकट की दावेदारी की। राजेंद्र पारीक जैसे ही कार्यक्रम के बीच से निकले तो एक बार कुर्सियां खाली हो गई। इसके बाद लोगों को वापस कुर्सी पर बैठाया गया।