सीकर में 5 साल पहले हुए लाखों रुपए के सोने की लूट मामले में रोहित गोदारा गैंग से जुड़े बदमाश कमलदीप उर्फ कमल को कोर्ट ने बरी कर दिया है। कोर्ट ने सबूतों के अभाव में आरोपी को दोषमुक्त करते हुए रिहा करने का आदेश दिया। मामले में पुलिस की ओर से लगाए गए आरोपों को साबित करने के लिए पर्याप्त सबूत नहीं पाए गए। मामले में पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज भी कोर्ट में पेश नहीं किए और आरोपियों की पहचान परेड नहीं करवाने जैसी लापरवाही बरती। सीकर की एडीजे कोर्ट 2 की जज डॉ. वीनू नागपाल ने गुरुवार को फैसला सुनाया है। बदमाशों ने हथियार दिखाकर सोने से भरा बैग छीन लिया था एडवोकेट रघुनाथराम सुला ने बताया कि 6 नवंबर 2021 को सीकर के कोतवाली पुलिस थाने में श्याम सुंदर सोनी ने मुकदमा दर्ज करवाया था। जिसमें उन्होंने बताया था कि वह रात को करीब 9 बजे दुकान बंद करके लौट रहे थे। तब उनके पास करीब 1.07 किलोग्राम सोना था। जैसे ही वह सीकर शहर में अरिहंत हॉस्पिटल वाली गली में पहुंचे तो वहां पर एक स्विफ्ट कार आई। जिसमें ड्राइवर के पास वाली सीट से एक आदमी उतरा और उसने हथियार दिखाकर बैग छीन लिया। बैग में सोने के अलावा डॉक्यूमेंट सहित अन्य सामान था। मामला दर्ज होने के बाद पुलिस ने मामले में कुल 11 आरोपी कमलदीप उर्फ कमल, अभिषेक,पंकज कुमार, शुभम सोनी, प्रदीप धनकड़,अरुण धनखड़, दीपक मलिक, कुलदीप धनकड़, दीपेश सोनी,कृष्ण मलिक और खुवेंद्र को गिरफ्तार करके उनके खिलाफ कोर्ट में चालान पेश किया। कोर्ट में ट्रायल चलने के दौरान ही एक आरोपी कृष्ण की मौत हो चुकी थी। ऐसे में उसके खिलाफ कानूनी कार्रवाई बंद कर दी गई। हरियाणा की जेल से प्रोडक्शन वारंट पर किया था गिरफ्तार एडवोकेट रघुनाथराम सुला ने बताया कि इसके बाद 18 फरवरी 2026 को 8 आरोपी अभिषेक, पंकज, शुभम, प्रदीप,अरुण,दीपक, कुलदीप और दीपेश को कोर्ट ने बरी कर दिया था। जबकि कमलदीप और खुवेंद्र फरार चल रहे थे। बाद में कमलदीप उर्फ कमल को हरियाणा की जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार करके पेश किया गया और अब उसको कोर्ट की ओर से बरी कर दिया गया है। हालांकि, मामले में अभी खुवेंद्र की गिरफ्तारी होना बाकी है। मामले में कोर्ट ने माना है कि परिवादी श्याम सुंदर सोनी की तरफ से जो मुकदमा दर्ज करवाया गया और कोर्ट में जो बयान दिए गए है, उनमें ही फर्क है। मुकदमे में 1070 ग्राम सोना बताया जा रहा है, जबकि कोर्ट में बयान दिया गया कि 470 ग्राम सोना ही वह लेकर गया। बाकी 600 ग्राम सोना उनके बेटे के द्वारा घर पर ले जाया गया। पुलिस ने इस मामले में श्याम सुंदर सोनी के बेटे रवि को गवाह नहीं बनाया। मुकदमे में 1.80 लाख रुपए लूट होने की भी बात सामने आई है, लेकिन उनकी बरामदगी ही नहीं हुई। जब्त गाड़ी के मालिक से भी नहीं हुई कोई पूछताछ एडवोकेट ने बताया कि पुलिस ने घटना में शामिल जो गाड़ी जब्त की है, उसके मालिक से भी कोई पूछताछ नहीं की गई है। परिवादी श्याम सुंदर सोनी का कहना था कि लूट करने वालों ने पिस्तौल दिखाकर लूट की वारदात को अंजाम दिया था, लेकिन इन्वेस्टिगेशन ऑफिसर कन्हैयालाल ने इस मामले में कोई भी हथियार जब्त नहीं किया है। न ही उन्होंने अपनी जांच में घटना में पिस्तौल का उपयोग होना माना है। इन्वेस्टिगेशन ऑफिसर कन्हैयालाल ने कोर्ट में कहा कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों को आईडेंटिफाई करके गिरफ्तार किया गया। लेकिन ऐसा कोई भी सीसीटीवी या फोटोग्राफ कोर्ट में पेश नहीं किया गया, जबकि घटनास्थल के आसपास घनी आबादी क्षेत्र है। जहां बड़े अस्पताल और शोरूम आदि है। परिवादी ने पहली बार आरोपियों को कोर्ट में ही पहचाना एडवोकेट रघुनाथराम सुला ने बताया कि पुलिस ने इस मामले में आरोपियों की मौका तस्दीक करवाई, लेकिन वहां भी कोई स्वतंत्र गवाह नहीं बनाया गया। इन्वेस्टिगेशन ऑफिसर कन्हैयालाल ने इस मामले में आरोपियों की पहचान परेड भी नहीं करवाई। पहली बार परिवादी श्यामसुंदर ने आरोपियों को कोर्ट में ही पहचाना था। कोर्ट का इस मामले में कहना है कि पुलिस के द्वारा आरोपियों को बापर्दा गिरफ्तार किया जाना था, लेकिन उन्होंने गंभीर लापरवाही बरतते हुए खुले चेहरे के साथ आरोपियों को गिरफ्तार किया और पूरी कार्रवाई उसी के अनुरूप की। ----------- मामले से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए… हथियार की नोक पर सर्राफा व्यापारी से लूट:दुकान बंद कर जा रहा था घर, 400 मीटर पहले ही कार में आए बदमाशों ने एक किलो 70 ग्राम सोना लूटा सीकर शहर में तापड़िया बगीची के पास शनिवार रात 9:30 बजे दुकान बंद कर अपने घर लौट रहे सर्राफा व्यापारी से कार सवार बदमाशों ने एक किलो 70 ग्राम सोना लूट लिया। लूट की यह वारदात सीकर में तापड़िया बगीची के पास अरिहंत हॉस्पिटल की गली में हुई। (पूरी खबर पढ़िए…)