सीकर में पहले चरण के पंचायती राज चुनावों के लिए नामांकन प्रक्रिया आज से शुरू हो गई हैं। पहले दिन सीकर में 2 प्रत्याशियों ने 3 नामांकन पत्र दाखिल किए हैं। यहां जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य, सरपंच व वार्ड पंचों के चुनाव 3 चरणों में होंगे। पहले चरण के जिला परिषद और पंचायत समिति सदस्य के चुनाव के लिए मंगलवार से 16 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। जिला निर्वाचन अधिकारी आशीष मोदी ने बताया कि सीकर जिला परिषद सदस्य के लिए वार्ड नंबर-11 से नरेंद्र कुमार ने निर्दलीय और वार्ड नंबर-47 से नईम हुसैन ने कांग्रेस और निर्दलीय नामांकन दाखिल किए हैं। वहीं, पंचायत समिति मुख्यालयों पर पंचायत समिति सदस्यों के नामांकन फॉर्म भरे जाएंगे। नामांकन दाखिल करने का समय सुबह 11 बजे से 3 बजे तक रहेगा। भाजपा और कांग्रेस ने जारी नहीं की लिस्ट अब तक जिला परिषद चुनाव के लिए कलेक्ट्रेट से 58 प्रत्याशियों ने फॉर्म लिए हैं। अभी तक भाजपा व कांग्रेस की ओर से अधीकृत उम्मीदवारों की लिस्ट जारी नहीं की गई है। दोनों पार्टियों में लिस्ट जारी करने को लेकर मंथन चल रहा है। कांग्रेस डैमेज कंट्रोल से बचने के लिए सिंबल सीधे रिटर्निंग ऑफिसर को जमा करवा सकती है। गौरतलब है कि सीकर में तीनों चरणों में 49 जिला परिषद सदस्य, 16 पंचायत समितियों के 304 सदस्य, 449 ग्राम पंचायतों के सरपंच और वार्ड पंचों के लिए वोट डाले जाएंगे। पहले चरण में 6 पंचायत समिति क्षेत्रोें में चुनाव होंगे।