राज्य निर्वाचन आयोग ने प्रदेश में नगरीय निकायों के चुनाव का कार्यक्रम घोषित कर दिया है। सिरोही जिले में शिवगंज, आबूरोड और मंडार नगरीय निकाय के चुनाव पहले चरण में 9 सितंबर को होंगे, जबकि सिरोही, पिंडवाड़ा और माउंट आबू के चुनाव 11 सितंबर को होंगे। दोनों दिन मतदान सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक होगा। दोनों चरणों की मतगणना एक ही दिन 14 सितंबर को होगी। सिरोही के जिला निर्वाचन अधिकारी रोहिताश्व सिंह तोमर ने बताया कि सदस्य पदों के लिए लोक सूचना 27 अगस्त को जारी की जाएगी। नामांकन पत्र प्रस्तुत करने की अंतिम तिथि 31 अगस्त निर्धारित की गई है। नामांकन पत्रों की संवीक्षा 1 सितंबर को होगी। अभ्यर्थिता वापस लेने की अंतिम तिथि 3 सितंबर निर्धारित है, इस दिन दोपहर 3 बजे तक अभ्यर्थिता वापस ली जा सकेगी। चुनाव चिन्हों का आवंटन 4 सितंबर को किया जाएगा। तोमर ने यह भी बताया कि रक्षाबंधन और रविवार के अवकाश के दिन नामांकन पत्र प्रस्तुत नहीं किए जाएंगे। अन्य निर्धारित दिनों में प्रातः 10:30 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र संबंधित रिटर्निंग अधिकारी कार्यालय में प्रस्तुत किए जा सकेंगे।