सिरोही जिले में जावाल में श्री बायोसा युवा मित्र मंडल सेवा संस्थान ने पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण अभियान चलाया। इस अभियान के तहत कस्बे के तुलसी अभयारण्य स्थित तुलसी माता मंदिर और बायसो तालाब के आसपास सैकड़ों फलदार और छायादार पौधे रोपे गए। मित्र मंडल के पदाधिकारियों ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य बायसो तालाब के प्राकृतिक स्वरूप का संरक्षण करना है। इसके लिए तालाब के चारों ओर बड़े पौधे लगाए जाएंगे। उनका लक्ष्य तुलसी माता मंदिर क्षेत्र में स्थित तुलसी अभयारण्य को भविष्य में एक बड़े हरित क्षेत्र के रूप में विकसित करना भी है, जिससे स्थानीय निवासियों को स्वच्छ हवा और बेहतर प्राकृतिक वातावरण मिल सके। पौधों की नियमित देखभाल का लिया संकल्प इस अवसर पर पृथ्वीराज सेन ने ग्रामीणों को संबोधित करते हुए कहा कि पौधारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए पर्यावरण और जल संरक्षण की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। उन्होंने जोर दिया, 'पेड़ बचेंगे तो वन बचेंगे, वन बचेंगे तो जल बचेगा, जल बचेगा तो गांव बचेगा और गांव बचेगा तो हमारा भविष्य बचेगा।' संस्था ने यह भी सुनिश्चित करने का संकल्प लिया है कि रोपे गए सभी पौधों की नियमित देखभाल और सुरक्षा की जाएगी। इस कार्यक्रम में बायसो मित्र मंडल के संरक्षक और जावाल देवड़ा ठिकाना के ठाकुर रामवीर सिंह, रतनपाल सिंह, उत्तमभाई सुथार, छगन जी सोनी सहित संस्था के कई सदस्य और युवा मौजूद थे। अंत में सभी युवाओं और ग्रामीणों से 'वन बचाओ-गांव बचाओ-भविष्य बचाओ' के संदेश के साथ अधिक से अधिक पौधे लगाने का आह्वान किया गया।