पुलिस ने नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक अंतर्राज्यीय स्मैक तस्करी गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने इस दौरान दो तस्करों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 153.43 ग्राम अवैध मादक पदार्थ स्मैक बरामद की। जब्त स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 3 करोड़ रुपए बताई जा रही है। थानाधिकारी श्याम सुंदर ने बताया कि पुलिस ने तस्करी में इस्तेमाल की जा रही एक स्विफ्ट डिजायर कार भी जब्त की है। पुलिस के अनुसार, आरोपी इस वाहन का उपयोग कर अवैध स्मैक की तस्करी कर रहे थे। यह कार्रवाई आईजी जयपुर रेंज की विशेष टीम से मिली सूचना और जिला पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में की गई। विशेष टीम की जानकारी के आधार पर रवांजना डूंगर थाना पुलिस ने घेराबंदी कर दोनों आरोपियों को पकड़ा। तलाशी के दौरान उनके पास से भारी मात्रा में स्मैक मिली। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान सुभाष पुत्र धर्मसिंह गुर्जर और रामनीवास पुत्र कजोड़ी लाल मीना के रूप में हुई है। इस कार्रवाई में थानाधिकारी श्याम सुंदर की विशेष भूमिका रही। पुलिस की इस बड़ी सफलता से क्षेत्र में सक्रिय मादक पदार्थ तस्करों में खलबली मच गई है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ के आधार पर तस्करी नेटवर्क के अन्य सदस्यों तक पहुंचने का प्रयास कर रही है।