सावन के अंतिम सोमवार पर पाली शहर से लेकर जिलेभर के शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। सोमनाथ और लाखोटिया महादेव मंदिर में शिवलिंग का फूलों से आकर्षक शृंगार किया गया, वहीं भक्तों ने कतार में लगकर जलाभिषेक और दर्शन किए। पंचमुखी, निहालेश्वर, मण्डलेश्वर, पातालेश्वर, नीलकंठ, परशुराम महादेव और निंबों का नाथ सहित कई मंदिरों में विधि-विधान से पूजा-अर्चना हुई। श्रद्धालुओं ने भगवान शिव को प्रसाद चढ़ाकर परिवार की खुशहाली की कामना की, जबकि युवाओं ने मंदिरों में फोटो और रील बनाकर इस धार्मिक उत्सव को सोशल मीडिया पर भी साझा किया। सोमनाथ और लाखोटिया महादेव मंदिर में विशेष सजावट शहर के सोमनाथ महादेव और लाखोटिया महादेव मंदिर की सजावट देखने लायक रही। दोनों मंदिरों में शिवलिंग का फूलों से मनमोहक शृंगार किया गया। सोमनाथ महादेव मंदिर में शिवलिंग पर जल चढ़ाने के लिए श्रद्धालुओं की कतार लगी रही। लाखोटिया महादेव मंदिर में भी दिनभर श्रद्धालुओं की लाइन नजर आई। मंदिरों में दिनभर धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए गए। शहर के कई शिवालयों में विधि-विधान से पूजा पाली के पंचमुखी महादेव, निहालेश्वर महादेव, मण्डलेश्वर महादेव, पातालेश्वर महादेव और नीलकंठ महादेव मंदिर सहित बापू नगर, इंदिरा कॉलोनी, हाउसिंग बोर्ड, गांधी नगर और राणावास के बिलकेश्वर महादेव मंदिर में भी श्रद्धालु पहुंचे। भक्तों ने भगवान महादेव का विधि-विधान से पूजन किया और परिवार की खुशहाली की कामना की। श्रद्धालुओं ने मंदिरों में रुद्राष्टाध्यायी के श्लोकों का उच्चारण कर भगवान शिव के सामने शीश नवाया। परशुराम महादेव और निंबों का नाथ में भी रही भीड़ अरावली की पहाड़ियों में बसे परशुराम महादेव मंदिर में भी श्रावण के अंतिम सोमवार को दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। सांडेराव के पास निंबों का नाथ महादेव मंदिर में भी भक्तों की भीड़ रही। मंदिरों में दर्शन करते श्रद्धालुओं की तस्वीरें सोशल मीडिया पर छाई रहीं। युवाओं ने मंदिरों में फोटो, सेल्फी और रील बनाकर सोशल मीडिया पर अपलोड कीं।