जिले के सबसे बड़े बीडीके अस्पताल में मुख्यमंत्री निःशुल्क जांच योजना में शामिल करते हुए हब एंड स्पोक मॉडल में स्पोक लैब बनाया गया है। एनएचएम निदेशक ने इसके निर्देश जारी किए। इसमें मरीजों को गुणवत्ता व समय पर जांच सुविधा उपलब्ध कराने के लिए हब व स्पोक लैब में बीडीके अस्पताल को स्पोक लैब का दर्जा दिया है। इसमें अस्पताल में आने वाले मरीजों को आधुनिक तकनीक से पैथोलॉजी व अन्य जांचों का त्वरित लाभ मिलेगा। चिकित्सा विभाग ने जांच एजेंसियों को बीडीके अस्पताल में नए मानकों के साथ शीघ्र जांच सुविधा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए है। स्पोक लैब शुरू होने पर बीडीके में आने वाले मरीजों के सैंपल यहीं एकत्र किए जाएंगे और प्राथमिक जांचें तुरंत होगी। जटिल जांच की आवश्यकता होने पर मरीज के सैंपल को सेंट्रलाइज्ड हब लैब में भेजा जाएगा।