प्रकृति संरक्षण और हरित परिसर की भावना को बढ़ावा देने के उद्देश्य से जेके एलपीएस स्कूल परिसर में मंगलवार को पौधरोपण कार्यक्रम हुआ। वन विभाग के सहयोग से आयोजित कार्यक्रम में 700 पौधे रोपे गए। प्रशासनिक अधिकारियों, वन विभाग के प्रतिनिधियों, विद्यालय प्रबंधन और विद्यार्थियों ने उत्साह के साथ पौधरोपण किया। अतिथियों का स्वागत तुलसी का पौधा और पुष्पगुच्छ भेंट कर किया गया। इसके बाद सभी ने मिलकर पौधे लगाए और उनकी नियमित देखभाल व सुरक्षा का संकल्प लिया। कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारियों और वन विभाग के प्रतिनिधियों ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण का महत्व बताया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ जीवन के लिए हरा-भरा वातावरण जरूरी है। पेड़ पर्यावरण संतुलन बनाए रखने के साथ जैव-विविधता और जल संरक्षण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। अधिकारियों ने विद्यार्थियों से कहा कि सिर्फ पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा भी जरूरी है। पौधरोपण को लेकर विद्यार्थियों में खासा उत्साह रहा। विद्यालय प्रबंधन ने बताया कि बच्चों को पढ़ाई के साथ प्रकृति के प्रति संवेदनशील और जिम्मेदार बनाने के उद्देश्य से ऐसी गतिविधियां कराई जा रही हैं। विद्यार्थियों ने लगाए गए पौधों की नियमित सिंचाई और सुरक्षा की जिम्मेदारी ली। उन्हें ‘हरित प्रहरी’ की तर्ज पर पौधों की वृद्धि पर नजर रखने के लिए प्रेरित किया गया। कार्यक्रम में जैव-विविधता, जल संरक्षण और स्वच्छ वातावरण के महत्व की जानकारी भी दी गई। अंत में विद्यालय प्रबंधन ने सभी सहयोगियों, अधिकारियों और विद्यार्थियों का आभार जताया।