श्रीगंगानगर में पार्षद की टिकट के लिए सोमवार को कांग्रेस कार्यालय के बाहर दावेदारों की लंबी कतार लगी रही। युवा, महिलाएं और बुजुर्ग समर्थकों के साथ टिकट मांगने पहुंचे, तो जिलाध्यक्ष रुपिंदर सिंह कुन्नर ने एक-एक दावेदार से मुलाकात कर पूछा- राजनीति में खुद की रुचि है या किसी के कहने पर चुनाव लड़ रहे हैं और जीत की क्या गारंटी है? दावेदारों के जवाब सुनने के बाद कुन्नर ने कहा कि टिकट सर्वे और राय-मशविरा के आधार पर दिए जाएंगे और उनकी कोशिश रहेगी कि 50 प्रतिशत टिकट युवाओं को मिलें। उन्होंने निकाय चुनाव को विधानसभा चुनाव की तैयारी से जोड़ते हुए जिले की सभी नगरपालिकाओं में कांग्रेस का बोर्ड बनाने का दावा भी किया। धूप में लगी लंबी कतार, जिलाध्यक्ष ने एक-एक दावेदार से की बात श्रीकरणपुर विधायक और कांग्रेस जिलाध्यक्ष रुपिंदर सिंह कुन्नर से मिलने के लिए कार्यालय के बाहर धूप में लंबी कतार लगी रही। कुन्नर ने एक-एक दावेदार से मुलाकात की और सीधे सवाल किए। उन्होंने पूछा कि राजनीति में खुद की रुचि है या किसी के कहने पर चुनाव लड़ रहे हैं? साथ ही पूछा- जीत की क्या गारंटी है? युवती बोली- भाजपा पार्षद घर बैठा रहता है टिकट की दावेदारी जता रही एक युवती ने बताया कि वह पहले एनजीओ में काम कर चुकी है और बीए फाइनल की स्टूडेंट है। उसने कहा कि राजनीति में उसकी रुचि है और टिकट मिलने पर वह जरूर जीतेगी। उसका आरोप था कि अभी भाजपा का पार्षद घर बैठा रहता है और कोई काम नहीं करता। कुन्नर बोले- निकाय चुनाव नहीं, विधानसभा का चुनाव कांग्रेस जिलाध्यक्ष रुपिंदर सिंह कुन्नर ने कहा कि नगर निकाय चुनाव सिर्फ निकाय का चुनाव नहीं है, बल्कि यह विधानसभा का चुनाव है। इससे विधानसभा चुनावों की स्थिति भी तय होगी। उन्होंने कहा कि पिछले तीन साल से ‘पर्ची सरकार’ से जनता परेशान है। कुन्नर ने कहा कि श्रीगंगानगर नगर परिषद के एक-एक वार्ड से 10-10 दावेदार सामने आ रहे हैं। इससे कार्यकर्ताओं के उत्साह का अंदाजा लगाया जा सकता है। उन्होंने दावा किया कि जिले की सभी नगरपालिकाओं में कांग्रेस का बोर्ड बनेगा। सर्वे और राय-मशविरा के बाद मिलेगा टिकट कुन्नर ने कहा कि सभी वार्डों में जिताऊ और टिकाऊ उम्मीदवारों को ही टिकट दी जाएगी। जयपुर से पर्यवेक्षक आएंगे, ग्राउंड पर सर्वे होगा और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से राय-मशविरा करने के बाद टिकट का फैसला किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी और राहुल गांधी हमेशा युवाओं की बात करते हैं। युवा होने के नाते उनकी प्राथमिकता रहेगी कि 50 प्रतिशत टिकट युवाओं को दिए जाएं। युवाओं में भी टिकट को लेकर उत्साह वार्ड नंबर 53 से दावेदारी कर रहे युवा नवाब खान ने कहा कि भाजपा के राज में जनता भटक रही है। उन्होंने दावा किया कि शहर के हर वार्ड में कांग्रेस जीतेगी और इस चुनाव में ज्यादा से ज्यादा युवा जीतकर आएंगे। वार्ड नंबर 50 से दावेदारी कर रहे एडवोकेट लव शिल्होत्रा ने राहुल गांधी के युवा फोकस का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें उम्मीद है कि वार्ड-50 से कांग्रेस की टिकट मिलेगी। उन्होंने कहा कि चारों तरफ कांग्रेस के पक्ष में एकतरफा माहौल है। भाजपा के राज में युवाओं और जेन-जी के साथ जो हुआ है, उससे वे काफी आक्रोशित हैं।