श्रीगंगानगर नगर परिषद में सभापति की कुर्सी के लिए आज से नामांकन प्रक्रिया शुरू होगी। भाजपा बहुमत से 3 सीट दूर है, इसलिए बोर्ड बनाने के लिए उसे निर्दलीय पार्षदों का समर्थन जुटाना होगा। सभापति पद के लिए वार्ड 58 के अजय दावड़ा, वार्ड 55 के संजय मूंदड़ा और वार्ड 21 के डॉ. भरतपाल मय्यर के नाम सबसे ज्यादा चर्चा में हैं। आज भाजपा की बैठक में तीनों नामों पर चर्चा के बाद किसी एक पर सहमति बनाने की कोशिश होगी। बीकानेर में बाड़ेबंदी, आज दावेदार के नाम पर चर्चा बीकानेर में चल रही विधायक खेमे की बाड़ेबंदी में भाजपा के निर्वाचित पार्षदों के साथ निर्दलीय पार्षद भी पहुंचे हैं। चुनाव परिणाम के बाद हारे हुए प्रत्याशी वापस लौट गए, जबकि निर्वाचित निर्दलीय पार्षदों की बाड़ेबंदी में एंट्री हुई है। आज होने वाली बैठक में सभापति पद के दावेदारों के नाम पर चर्चा होगी। भाजपा नेताओं के अनुसार जिस दावेदार के नाम पर ज्यादा पार्षद सहमत होंगे, उसी नाम का प्रस्ताव प्रदेश भाजपा को भेजा जाएगा। अजय दावड़ा की दावेदारी मजबूत क्यों वार्ड 58 से निर्वाचित अजय दावड़ा पहले नगर परिषद के उपसभापति रह चुके हैं। उनकी राजनीतिक और पारिवारिक पृष्ठभूमि, पंजाबी-अरोड़ा समुदाय से होना और विधायक जयदीप बिहाणी से नजदीकी उनकी दावेदारी को मजबूत करने वाले फैक्टर माने जा रहे हैं। विधायक जयदीप बिहाणी माहेश्वरी समुदाय से आते हैं। ऐसे में भाजपा में जातिगत समीकरण साधने के लिए पंजाबी-अरोड़ा समुदाय को सभापति पद देने की चर्चा है। इसी वजह से अजय दावड़ा का नाम मजबूत माना जा रहा है। संजय मूंदड़ा के सामने खेमेबाजी की चुनौती वार्ड 55 से जीतकर आए आढ़त व्यापारी संजय मूंदड़ा भी सभापति पद की रेस में हैं। राजनीतिक प्रभाव और पार्षदों के बीच संपर्क उनकी ताकत माने जा रहे हैं। हालांकि, पूर्व विधायक अशोक चांडक खेमे से उनकी नजदीकियों को लेकर भाजपा के अंदर उनके नाम पर सहमति बनने में अड़चन की चर्चा है। डॉ. भरतपाल मय्यर भी रेस में वार्ड 21 से निर्वाचित डॉ. भरतपाल मय्यर का नाम भी भाजपा के संभावित दावेदारों में शामिल है। पार्टी के सामने अब तीनों नामों में से एक पर सहमति बनाने के साथ निर्दलीय पार्षदों को साथ लाने की चुनौती है। 21 सितंबर को होगा सभापति का फैसला अध्यक्ष पद के लिए 16 सितंबर तक नामांकन दाखिल किए जा सकेंगे। 18 सितंबर को नाम वापसी के बाद चुनाव चिन्ह आवंटित किए जाएंगे। अध्यक्ष पद के लिए 21 सितंबर को सुबह 10 बजे से दोपहर 2 बजे तक मतदान होगा। मतदान खत्म होते ही मतगणना कर परिणाम घोषित किया जाएगा। वहीं, उपाध्यक्ष पद का चुनाव 22 सितंबर को होगा। सुबह 10 बजे बैठक शुरू होगी और 11 बजे तक नामांकन दाखिल किए जाएंगे। 11:30 बजे नामांकन पत्रों की संवीक्षा होगी। दोपहर 2 बजे तक नाम वापसी का समय रहेगा। जरूरत पड़ने पर दोपहर 2:30 से शाम 5 बजे तक मतदान कराया जाएगा। इसके तुरंत बाद परिणाम घोषित किया जाएगा।