श्रीगंगानगर की पुरानी धान मंडी में रात को बंद दुकान में चोरी हो गई। चोर ने दुकान का ताला तोड़ कर वहां रखे चांदी के सिक्के और कैश चोरी किया है। घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की है। फिलहाल पुलिस ने व्यापारी की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस को दी रिपोर्ट में दुकानदार वीरेंद्र कुमार आहूजा निवासी 100 जी ब्लॉक ने बताया कि पुरानी धान मंडी में दुकान नंबर 108 पर हंसराज अशोक कुमार नाम से उनकी फर्म है। 8 अक्टूबर की रात करीब 8 बजे दुकान बंद करके वह घर चला गया था। अगले दिन 9 अक्टूबर की सुबह करीब 8 बजे दुकान पर पहुंचा तो अलमारी का शीशा टूटा हुआ मिला। दुकान के अंदर भी सामान बिखरा हुआ था। चोर गल्ले से 24 चांदी के सिक्के और करीब 15 हजार रुपए चोरी कर ले गया। इसके बाद व्यापारी ने पुलिस को सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मौका-मुआयना किया और आसपास लगे CCTV कैमरे खंगाल रही है। मामले की जांच एएसआई जगराम कर रहे हैं।