श्रीगंगानगर जिले के श्रीकरणपुर रेलवे स्टेशन पर सोमवार सुबह जेब काटने के शक में यात्रियों ने एक युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है, जिसमें स्टेशन पर मौजूद यात्री युवक को थप्पड़ मारते नजर आ रहे हैं। सूचना पर करणपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। हालांकि पुलिस का कहना है कि तलाशी में आरोपी युवक के पास से कैश की बरामदगी नहीं हुई। पहले देखिए- 2 तस्वीरें इंटरसिटी ट्रेन में चढ़ने के दौरान चोरी हुआ जेब में रखा कैश एएसआई भोम सिंह के अनुसार, सुबह करीब 10 बजे श्रीकरणपुर स्टेशन पर सूरतगढ़ से श्रीगंगानगर जाने वाली इंटरसिटी ट्रेन पहुंची थी। इसी दौरान श्रीकरणपुर निवासी जसविंदर सिंह (45) अपनी पत्नी के अल्ट्रासाउंड और मेडिकल ट्रीटमेंट के लिए श्रीगंगानगर जाने के लिए ट्रेन में चढ़ रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान पीछे से किसी ने उनकी जेब से 5 हजार रुपए निकाल लिए। जसविंदर सिंह ने पुलिस को बताया कि पैसे निकलते समय उनका हाथ आरोपी के हाथ पर पड़ गया। इसके बाद आसपास मौजूद यात्रियों ने एक युवक को पकड़ लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। हालांकि, पुलिस पूछताछ में आरोपी युवक ने जेब से पैसे निकालने से इनकार किया। उसका कहना है कि गलती से उसका हाथ पीड़ित की पकड़ में आ गया था। पुलिस को भी आरोपी युवक के पास से 5 हजार रुपए की नकदी बरामद नहीं हुई। उसका कहना है कि वह भी श्रीगंगानगर ही जा रहा था। इस बीच असली चोर भाग गया और उसका हाथ जसविंदर की पकड़ में आ गया। पुलिस को वास्तविक जेबकतरे की तलाश एएसआई भोम सिंह ने बताया कि फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और वास्तविक जेबकतरे की तलाश की जा रही है। साथ ही सीसीटीवी फुटेज भी खंगाले जा रहे हैं। बता दें कि करणपुर क्षेत्र में पिछले करीब ढाई महीने से चोरी और लूट की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। कुछ दिन पहले ग्रामीणों ने थाने में प्रदर्शन भी किया था। इसके बाद पुलिस ने रात के समय ट्रेनों में तलाशी अभियान चलाकर संदिग्धों पर नजर रखने की कोशिश की थी। हालांकि अभी तक चोर पकड़ में नहीं आए। श्रीगंगानगर से जुड़ी ये खबर भी पढ़िए… धमाके के साथ इलेक्ट्रिक स्कूटी में लगी भीषण आग, VIDEO:बच्चे ने कूदकर बचाई जान; दूसरा बच्चा अपनी गाड़ी लेकर भागा श्रीगंगानगर जिले के सूरतगढ़ में इलेक्ट्रिक स्कूटी में धमाके के साथ ही आग लग गई। इस दौरान स्कूटी पर बैठे बच्चे ने कूदकर अपनी जान बचाई। वही पास में दूसरे बच्चे ने अपनी स्कूटी को पीछे दौड़ाकर खुद को बचाया। पूरी खबर पढ़िए